बलरामपुर। जिले के गागर नदी में डूबे युवक का शव सोमवार सुबह नदी में तैरता हुआ मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस और गोताखोरों की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान बरियों उरांव पारा निवासी फुलसाय लकड़ा (22 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।
शादी के बाद दोस्तों के साथ गया था नदी
पुलिस जांच में सामने आया है कि फुलसाय लकड़ा शनिवार (30 मई) को एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद अपने दोस्तों के साथ गागर नदी गया था। नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
मौके पर मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन असफल रहे। घटना के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन देर शाम तक कोई सफलता नहीं मिली।
बारिश के कारण बढ़ा जलस्तर
रविवार को भी दोबारा तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन नदी में बारिश के कारण जलस्तर और बहाव बढ़ जाने से सर्चिंग रोकनी पड़ी।
ग्रामीणों ने देखा शव
सोमवार सुबह करीब 9 बजे हक्कादह दरहा के पास ग्रामीणों ने नदी में शव को तैरते हुए देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और गोताखोरों ने शव को बाहर निकाला।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।





