बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में शुक्रवार देर रात भीषण सड़क हादसा हुआ। राजपुर थाना क्षेत्र में पिकअप और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर में 3 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, नरोला गांव के 10 मजदूर पिकअप वाहन में सवार होकर टमाटर की खेती के लिए शंकरगढ़ जा रहे थे। शुक्रवार रात करीब 2 बजे सेवारी के पास मुख्य मार्ग पर पिकअप और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप में सवार 3 मजदूरों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, 7 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल सभी 7 मजदूरों को बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है





