बलरामपुर। वाड्रफनगर-रामानुजगंज मुख्य मार्ग पर शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें स्कूल जा रही दो शिक्षिकाएं ट्रक की चपेट में आ गईं। हादसे में एक शिक्षिका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार, दोनों शिक्षिकाएं करमडीहा स्कूल जा रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक शिक्षिका ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि रजनी केवट गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घायल शिक्षिका को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से वाड्रफनगर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर बताई है।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर बसंतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ट्रक जब्त कर आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग की है।





