July 29, 2026

तहसील परिसर में दो पक्षों के बीच मारपीट, 18 लोगों पर मामला दर्ज

बलरामपुर। वाड्रफनगर तहसील कार्यालय में जमीन विवाद से जुड़े मामले की सुनवाई के दौरान दो पक्ष आपस में भिड़ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि तहसील और सिविल कोर्ट परिसर में मारपीट की स्थिति बन गई। घटना के बाद पुलिस ने 18 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

सुनवाई के दौरान बढ़ा विवाद

जानकारी के अनुसार मंगलवार को तहसीलदार न्यायालय में आवेदक इलियासुदीन पिता जलालूदीन एवं अनावेदक रसीद, अफजल और इलियास के बीच जमीन संबंधी प्रकरण की सुनवाई चल रही थी। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

अधिवक्ता के साथ गाली-गलौज और मारपीट

आरोप है कि अनावेदक पक्ष के लोगों और उनके साथ आए गवाहों ने दूसरे पक्ष के अधिवक्ता सिद्वदकी के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ने पर दोनों पक्षों को न्यायालय कक्ष से बाहर निकाल दिया गया।

तहसील परिसर में फिर भिड़े दोनों पक्ष

कोर्ट कक्ष से बाहर आने के बाद भी विवाद शांत नहीं हुआ और तहसील एवं सिविल कोर्ट परिसर में दोनों पक्षों के बीच फिर मारपीट हो गई। घटना के दौरान परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

तहसीलदार की रिपोर्ट पर पुलिस कार्रवाई

घटना के बाद तहसीलदार गुरुदत्त पंचभावे ने न्यायालय की गरिमा भंग करने और शासकीय कार्य में बाधा डालने का हवाला देते हुए पुलिस में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस को घटना का वीडियो भी सौंपा गया है।

18 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

वाड्रफनगर चौकी पुलिस ने बीएनएस की धारा 170 के तहत 18 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की कार्रवाई शुरू कर दी है।