बलरामपुर। जिले के सामरी पाठ थाना क्षेत्र अंतर्गत भुताही गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां नदी में नहाने गए दो मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, 5 और 6 वर्ष के दोनों बच्चे अपने अन्य साथियों के साथ गांव के पास स्थित नदी में नहाने गए थे। भीषण गर्मी के कारण सभी बच्चे नदी में खेलने और स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों बच्चे गहरे पानी की ओर चले गए और डूबने लगे। साथ मौजूद अन्य बच्चों ने शोर मचाकर ग्रामीणों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्चों को बचाने के लिए नदी में उतरे। काफी प्रयास के बाद दोनों बच्चों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
मृतक बच्चे ग्राम पंचायत सबाग और भुताही के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही सामरी पाठ थाना प्रभारी विजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में मातम का माहौल है और हर किसी की आंखें नम हैं।





