बलरामपुर। Wadrafnagar में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में डिलीवरी बॉय की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा अंबेडकर चौक के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया।
मृतक की पहचान विकास देवांगन के रूप में हुई है, जो चलगली क्षेत्र के बड़का गांव का निवासी था और वाड्रफनगर में रहकर डिलीवरी का काम करता था। जानकारी के अनुसार, वह डिलीवरी देने महेवा की ओर जा रहा था, तभी सामने से आ रही ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक उसे कुछ दूरी तक घसीटता हुआ ले गया, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। दुखद बात यह है कि युवक ने हेलमेट पहन रखा था, इसके बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रक और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।





