September 4, 2026

बलरामपुर में भीषण सड़क हादसा, मजदूरों से भरी बस और बोलेरो में टक्कर; एक की मौत, कई घायल

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर में बनारस रोड पर देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां मजदूरों से भरी बस और बोलेरो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि बस और बोलेरो में सवार कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।

यूपी से हैदराबाद जा रही थी मजदूरों से भरी बस

जानकारी के अनुसार, बस उत्तर प्रदेश के दुद्धी से मजदूरों को लेकर तेलंगाना के हैदराबाद जा रही थी। इसी दौरान वाड्रफनगर के पुराने नर्सरी के पास बस और बोलेरो की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

हादसे में मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के मोहली निवासी करीब 50 वर्षीय सहदेव पिता थुरच के रूप में हुई है। वहीं बोलेरो में सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। बस में सवार मजदूरों को भी चोटें आई हैं।

पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है। हादसे के बाद सड़क पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।

हादसे के कारणों की जांच जारी

पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।