July 23, 2026

जंगली मशरूम खाने से 9 लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार, दो बच्चों समेत सभी अस्पताल में भर्ती

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में जंगली मशरूम (खुखड़ी) खाने से दो बच्चों समेत 9 लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए। सभी की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, प्रभावित लोगों ने जंगली मशरूम का सेवन किया था। इसके कुछ समय बाद उन्हें उल्टी, पेट दर्द और अन्य स्वास्थ्य संबंधी शिकायतें होने लगीं। स्थिति बिगड़ने पर परिजनों ने सभी को तत्काल वाड्राफनगर सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।

दो लोगों की हालत गंभीर

अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, सभी मरीजों का उपचार जारी है। इनमें से दो लोगों की स्थिति गंभीर होने के कारण चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

बीएमओ ने लोगों से की अपील

वाड्राफनगर के बीएमओ डॉ. हेमंत दीक्षित ने बताया कि फिलहाल सभी मरीजों की स्थिति सामान्य है और उनका इलाज जारी है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि बरसात के मौसम में जंगलों में मिलने वाली खुखड़ी (जंगली मशरूम) का सेवन करने से बचें, क्योंकि इनमें कई प्रजातियां जहरीली होती हैं, जो गंभीर फूड पॉइजनिंग का कारण बन सकती हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों से किसी भी अज्ञात या जंगली खाद्य पदार्थ का सेवन करने से पहले सावधानी बरतने की सलाह दी है।