May 19, 2026

बलरामपुर में अंतरराज्यीय वन्यजीव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, 9 आरोपी गिरफ्तार

बलरामपुर। वन विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय वन्यजीव तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके कब्जे से तेंदुए की 2 खाल बरामद की गई है।

जानकारी के अनुसार, वन मंत्री के निर्देश और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में वन अपराधों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो मध्य क्षेत्र भोपाल, राज्य उड़नदस्ता रायपुर और वनमंडल बलरामपुर की संयुक्त टीम ने 2 अप्रैल 2026 को कार्रवाई की।

मुखबिर की सूचना पर टीम ने थाना बसंतपुर क्षेत्र के ग्राम जमई मोड़ के पास एक मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों को रोका। तलाशी के दौरान उनके पास से तेंदुए की एक खाल बरामद हुई। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से एक और खाल जब्त की गई।

गिरफ्तार आरोपी झारखंड, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के निवासी हैं और अंतरराज्यीय स्तर पर वन्यजीव तस्करी में सक्रिय थे।

वन विभाग ने सभी आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

मामले की विस्तृत जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।