July 23, 2026

बलरामपुर में युवक का शव मिलने से सनसनी, बाबा बच्छराज कुंवर धाम की नदी में तैरती मिली लाश

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में स्थित प्रसिद्ध बाबा बच्छराज कुंवर धाम में एक 22 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कछिया निवासी विमलेश वर्मा (22) के रूप में हुई है, जो पिछले दो दिनों से लापता था। मामला चलगली थाना क्षेत्र का है।

दो दिन से लापता था युवक

जानकारी के अनुसार, विमलेश वर्मा बाबा बच्छराज कुंवर धाम में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ावे के रूप में लाए जाने वाले बकरों की बाली काटने का काम करता था। दो दिन पहले उसके लापता होने के बाद परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे।

नदी में तैरता मिला शव, पहले मिली थी बाइक

तलाश के दौरान युवक की बाइक श्रद्धालुओं के पास लावारिस हालत में मिली थी। इसके बाद खोजबीन तेज की गई और शुक्रवार को धाम परिसर के पास नदी में उसका शव तैरता हुआ बरामद किया गया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

घटना की सूचना मिलते ही चलगली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।