रायपुर/बीजापुर। साय सरकार के गठन के बाद बस्तर संभाग में बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार को नई गति मिली है। इसी क्रम में बीजापुर जिले के उसूर विकासखंड अंतर्गत ग्राम तर्रेम में बैंक ऑफ बड़ौदा की नई शाखा का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया गया। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ऑनलाइन जुड़े और उन्होंने शाखा का शुभारंभ किया। यह पिछले ढाई वर्षों में बस्तर संभाग में खुलने वाली 31वीं नई बैंक शाखा है।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि दूरस्थ और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि तर्रेम में बैंक शाखा खुलने से स्थानीय लोगों को अब बैंकिंग कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और सभी सेवाएं उनके क्षेत्र में ही उपलब्ध होंगी। इससे वित्तीय समावेशन को बढ़ावा मिलेगा और शासकीय योजनाओं का लाभ सीधे हितग्राहियों तक पहुंचेगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी बस्तर में बैंकिंग विस्तार को सुशासन और समावेशी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। उन्होंने कहा कि इससे आदिवासी और ग्रामीण परिवार आर्थिक रूप से सशक्त होंगे तथा युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे।
सरकार ने बताया कि बस्तर अब बदलाव की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है, जहां पहले बैंकिंग सुविधाओं की कमी थी, वहीं अब गांव-गांव तक बैंक पहुंच रही हैं। इससे नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास और विश्वास का माहौल मजबूत हो रहा है।
पिछले ढाई वर्षों में बस्तर संभाग के विभिन्न जिलों में कई नई बैंक शाखाएं खोली गई हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिला है। तर्रेम में बैंक शाखा खुलने पर स्थानीय लोगों ने खुशी जताई और इसे बड़ी सुविधा बताया।





