July 30, 2026

बास्तानार के 34 सरपंचों की सामूहिक इस्तीफे की चेतावनी, विकास कार्यों के लिए फंड नहीं मिलने पर नाराजगी

जगदलपुर। बस्तर जिले के बास्तानार जनपद क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों के लिए पर्याप्त राशि नहीं मिलने से सरपंचों में भारी नाराजगी है। सरपंच संघ ने प्रशासन से प्रत्येक पंचायत में कम से कम तीन विकास कार्यों को स्वीकृति देने की मांग की है। मांगें पूरी नहीं होने पर जनपद की सभी 34 ग्राम पंचायतों के सरपंचों ने सामूहिक इस्तीफा देने की चेतावनी दी है।

सरपंच संघ का आरोप है कि पंचायत चुनाव के बाद से विकास कार्यों के लिए पर्याप्त फंड उपलब्ध नहीं कराया गया है, जिसके कारण कई आवश्यक योजनाएं प्रभावित हो रही हैं। संघ ने मांग की है कि प्रत्येक पंचायत में 300 मीटर सीसी रोड, 3 मीटर की पुलिया और 5 लाख रुपये तक के सामुदायिक भवन निर्माण कार्य को स्वीकृति दी जाए।

सरपंचों का कहना है कि इससे पहले भी अपनी मांगों को लेकर चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। उन्होंने प्रशासन से जल्द निर्णय लेने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि एक महीने के भीतर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो 5 से 10 जुलाई के बीच जनपद पंचायत कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

सरपंच संघ ने स्पष्ट किया है कि आंदोलन के बाद भी यदि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो बास्तानार जनपद की सभी 34 ग्राम पंचायतों के सरपंच सामूहिक रूप से इस्तीफा सौंप देंगे।

इस संबंध में डिप्टी कलेक्टर C P Baghel ने कहा कि सरपंचों की मांगों और शिकायतों से कलेक्टर को अवगत कराया जाएगा। साथ ही संबंधित पंचायतों में अब तक हुए विकास कार्यों और उपलब्ध कराई गई राशि की जानकारी भी एकत्र की जाएगी, ताकि स्थिति का आकलन कर उचित निर्णय लिया जा सके।