March 5, 2026

Bastar News Update : राष्ट्रपति का दौरा, नशे पर कार्रवाई, सड़क हादसे, सामाजिक व विकास की बड़ी खबरें

जगदलपुर : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 7 फरवरी को बस्तर पंडुम का करेंगी शुभारंभ

बस्तर एक बार फिर इतिहास के पन्नों में दर्ज होने जा रहा है। 7 फरवरी को महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जगदलपुर पहुंचेंगी और लालबाग मैदान में बस्तर पंडुम का विधिवत शुभारंभ करेंगी। वे बस्तर आने वाली देश की पांचवीं राष्ट्रपति होंगी।
राष्ट्रपति के आगमन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। सुरक्षा, यातायात, मंच और आमजन की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यह आयोजन बस्तर की जनजातीय संस्कृति को राष्ट्रीय मंच पर नई पहचान देगा।

राष्ट्रपति दौरे को ऐतिहासिक बनाने मैदान में उतरे जनप्रतिनिधि

राष्ट्रपति के दौरे से पहले तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। वन मंत्री केदार कश्यप और विधायक किरण देव ने लालबाग मैदान का निरीक्षण किया।
प्रवेश मार्ग, दर्शक दीर्घा और मंच व्यवस्था की समीक्षा की गई। प्रशासन ने बस्तर पंडुम 2026 को संभाग स्तरीय गौरव आयोजन के रूप में स्थापित करने का लक्ष्य तय किया है।

जगदलपुर : नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, महिला गांजा तस्कर गिरफ्तार

बोधघाट पुलिस ने नशे के नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला गांजा तस्कर को उसके घर से रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
बैग से गांजे के 5 पैकेट बरामद किए गए हैं। आरोपी महिला पहले भी इसी अपराध में जेल जा चुकी है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार में शामिल किसी को बख्शा नहीं जाएगा।

जगदलपुर : अय्यप्पा स्वामी की शोभायात्रा में डूबा शहर

भगवान अय्यप्पा के वार्षिकोत्सव पर जगदलपुर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इंद्रावती नदी में स्नान के बाद महादेव घाट से रथयात्रा शुरू हुई।
केरल के पारंपरिक वाद्य यंत्रों और जयकारों से शहर भक्तिमय हो गया। देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही।

बस्तर कोसा की वैश्विक पहचान, लेकिन स्थानीय कारीगर पीछे

बस्तर का कोसा वस्त्र अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुका है और 7 देशों तक निर्यात हो रहा है। हाल ही में इसे GI टैग भी मिला।
इसके बावजूद जगदलपुर कोसा सेंटर अपेक्षित उत्पादन नहीं कर पा रहा। कारीगरों की कमी और संसाधनों के अभाव के कारण संभावनाएं अधूरी नजर आ रही हैं।

कोंडागांव : दो सड़क हादसे, एक युवक की मौत, कई महिलाएं घायल

उमरगांव चौक पर दो बाइकों की टक्कर में एक युवक की मौके पर मौत हो गई।
दूसरी घटना नारायणपुर तिराहे पर हुई, जहां महिलाओं से भरा ऑटो खड़ी ट्रक से टकरा गया। कई महिलाएं घायल हुईं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों मामलों में पुलिस जांच जारी है।

दंतेवाड़ा मॉडल बना राष्ट्रीय मिसाल, असम करेगा अनुकरण

दंतेवाड़ा का प्रधानमंत्री आवास मॉडल राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में है। असम से आए अधिकारियों ने मॉडल का अध्ययन किया और इसकी सराहना की।
आत्मसमर्पित नक्सलियों को प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ने की इस पहल को विश्वास बहाली का सफल प्रयोग बताया गया है।

नारायणपुर : अबूझमाड़ में संगठन विस्तार और घर वापसी

अबूझमाड़ के कोहकामेटा और किहकार गांवों में संगठन विस्तार हुआ। इस दौरान तीन परिवारों ने स्वेच्छा से घर वापसी की।
सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने और सामाजिक एकता पर जोर दिया गया।

जगदलपुर : 200 करोड़ का सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल सवालों के घेरे में

240 बिस्तरों वाले सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में इलाज महंगा होने से मरीज परेशान हैं।
ओपीडी, जांच और एमआरआई जैसी सुविधाओं पर भारी शुल्क लिया जा रहा है। सरकारी दरों की शर्तों का पालन नहीं होने से अस्पताल पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

सुकमा : जादू-टोने के शक में हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार

सुकमा जिले में अंधविश्वास के चलते युवक की हत्या कर दी गई। पुलिस ने शव उत्खनन कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मामले में टोनही प्रताड़ना निवारण कानून के तहत कार्रवाई की गई है।