May 15, 2026

बस्तर में शतरंज का जलवा: ‘द चेस नेशन चैम्पियनशिप 2026’ का भव्य समापन, खिलाड़ियों ने जीते खिताब

बस्तर। जगदलपुर के निर्मल विद्यालय में आयोजित द चेस नेशन शतरंज चैम्पियनशिप 2026 का भव्य समापन हुआ। इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर से खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और शानदार प्रदर्शन करते हुए बस्तर की नई खेल पहचान को मजबूती दी।

ओपन वर्ग में रायपुर के सालिक नवाज मणिहार ने प्रथम स्थान हासिल कर ₹11 हजार का पुरस्कार जीता। बिलासपुर के रूपेश कुमार मिश्रा दूसरे और दुर्ग के यशद बंबेश्वर तीसरे स्थान पर रहे।

महिला वर्ग में अलंक्रुता मोहराना ने सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का खिताब जीता। अंडर-15 वर्ग में कोंडागांव के मयंक श्रीवास्तव विजेता बने, जबकि जगदलपुर के एजीकियल सर्विन एक्का दूसरे और अथर्व मेश्राम तीसरे स्थान पर रहे।

बालिका वर्ग में आयुषी राठी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया। अंडर-11 वर्ग में जगदलपुर के अयांश दीक्षित ने पहला स्थान प्राप्त किया, वेदांत शुक्ला दूसरे और सिद्धार्थ राव तीसरे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में बृष्टि साहा ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में बस्तर एसपी शलभ कुमार सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बस्तर अब हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है और यह आयोजन इस बात का प्रमाण है कि क्षेत्र की नई पीढ़ी अब बंदूक नहीं, बुद्धि और खेल कौशल से अपनी पहचान बना रही है।