रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले चार दिनों तक मानसूनी गतिविधियां तेज बनी रहेंगी। रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा हुई। हालांकि, अब तक प्रदेश में सामान्य से करीब 20 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग ने सोमवार को अधिकांश क्षेत्रों में मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई है।
बारिश से तापमान में आई गिरावट, मौसम हुआ सुहावना
राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई इलाकों में रविवार को हुई बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। शनिवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, लेकिन बारिश के बाद तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। इसके चलते मौसम सुहावना हो गया।
रायपुर के अलावा बसना, सरायपाली, सोनाखान, पिथौरा, बिलाईगढ़, सारंगढ़, बगीचा और कोरबा समेत कई क्षेत्रों में भी हल्की बारिश हुई, जिससे तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की गई। रविवार को प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी 23 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड किया गया।

रायपुर में आज ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में सोमवार को दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी और हल्की बारिश की संभावना है। राजधानी में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं, मध्यम से भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ तेज बारिश हो सकती है।
इन जिलों के लिए येलो अलर्ट
इसके अलावा सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।





