July 23, 2026

Bastar Cyber Alert: फर्जी E-Challan के नाम पर साइबर ठगी, परिवहन विभाग ने जारी की एडवाइजरी

जगदलपुर।

अगर आपके मोबाइल पर ई-चालान भरने का मैसेज आया है, तो सतर्क हो जाएं। बस्तर में साइबर ठग अब फर्जी ई-चालान के जरिए लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। लगातार सामने आ रहे मामलों को देखते हुए परिवहन विभाग ने एडवाइजरी जारी कर लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।

जानकारी के अनुसार, साइबर अपराधी आम नागरिकों के मोबाइल पर एसएमएस, व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से ई-चालान भुगतान के फर्जी संदेश भेज रहे हैं। ये संदेश देखने में बिल्कुल सरकारी नोटिस जैसे लगते हैं, जिससे लोग आसानी से इनके झांसे में आ जाते हैं।

मैसेज में दिए गए लिंक पर क्लिक करते ही यूजर एक नकली वेबसाइट पर पहुंच जाता है, जो सरकारी पोर्टल की तरह दिखाई देती है। यहां वाहन नंबर, मोबाइल नंबर, बैंक खाते की जानकारी, एटीएम कार्ड विवरण और ओटीपी जैसी गोपनीय जानकारी मांगी जाती है। जानकारी साझा करते ही साइबर ठग बैंक खाते से रकम निकाल सकते हैं।

परिवहन विभाग के अनुसार, कई मामलों में ठग भुगतान नहीं करने पर कानूनी कार्रवाई, भारी जुर्माना या वाहन जब्त करने जैसी धमकियां देकर लोगों पर मानसिक दबाव भी बनाते हैं। वहीं कुछ फर्जी संदेशों में एपीके (APK) फाइल या मोबाइल ऐप डाउनलोड करने के लिए कहा जाता है। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे ऐप मोबाइल में मालवेयर इंस्टॉल कर देते हैं, जिससे बैंक खाते, यूपीआई और निजी डाटा तक साइबर अपराधियों की पहुंच बन सकती है।

क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी डुलीचंद बंजारे ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी ई-चालान का भुगतान करने से पहले उसकी पुष्टि केवल आधिकारिक पोर्टल पर ही करें। किसी अज्ञात नंबर से आए लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी या बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें और किसी भी संदिग्ध संदेश की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी पुलिस थाने में दें।

परिवहन विभाग ने कहा है कि थोड़ी सी सतर्कता आपकी मेहनत की कमाई को सुरक्षित रखने के साथ-साथ साइबर ठगों की साजिश को भी विफल कर सकती है।