September 4, 2026

बस्तर दशहरा का दूरदर्शन-आकाशवाणी पर हो विशेष प्रसारण, सांसद महेश कश्यप ने केंद्रीय मंत्री से की मांग

जगदलपुर। बस्तर की करीब 800 वर्ष पुरानी सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने की पहल तेज हो गई है। बस्तर सांसद महेश कश्यप ने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर बस्तर दशहरा का दूरदर्शन और आकाशवाणी पर विशेष प्रसारण कराने की मांग रखी है।

सांसद ने बस्तर दशहरा की समृद्ध परंपराओं, जनजातीय संस्कृति और बदलते बस्तर पर डॉक्यूमेंट्री फिल्म बनाने का प्रस्ताव भी केंद्रीय मंत्री के सामने रखा। उन्होंने कहा कि बस्तर अब केवल नक्सलवाद की पहचान तक सीमित नहीं है, बल्कि शांति, विकास और अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के जरिए नई पहचान बना रहा है।

बस्तर की संस्कृति को मिले राष्ट्रीय मंच

महेश कश्यप ने कहा कि बस्तर दशहरा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सदियों पुरानी जनजातीय परंपराओं और लोक संस्कृति का जीवंत स्वरूप है। इसका राष्ट्रीय स्तर पर प्रसारण होने से देश-दुनिया के लोग बस्तर की अनूठी संस्कृति और परंपराओं से परिचित हो सकेंगे।

जगदलपुर-रावघाट रेल परियोजना पर भी चर्चा

मुलाकात के दौरान सांसद ने जगदलपुर-रावघाट रेल परियोजना में कार्य शुरू होने की दिशा में हुई प्रगति के लिए केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया।

सांसद के प्रस्ताव पर केंद्रीय मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। दूरदर्शन, आकाशवाणी और डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से बस्तर की सांस्कृतिक विरासत और विकास की तस्वीर को राष्ट्रीय मंच मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।