July 27, 2026

Bastar News: बस्तर में 5वीं-8वीं की 2,380 मार्कशीट में गड़बड़ी, शिक्षा विभाग की बड़ी लापरवाही; BEO को नोटिस

जगदलपुर। बस्तर जिले में शिक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। इस बार मामला पांचवीं और आठवीं कक्षा की 2,380 मार्कशीट में गड़बड़ी का सामने आया है। परीक्षा संचालन और परिणाम तैयार करने में गंभीर लापरवाही उजागर होने के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है। कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) ने जिले के सभी सातों ब्लॉक के खंड शिक्षा अधिकारियों (BEO) को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।

मार्कशीट तैयार करने में बरती गई लापरवाही

जानकारी के अनुसार, स्थानीय स्तर पर परीक्षा परिणाम तैयार करने और मार्कशीट जारी करने की प्रक्रिया में गंभीर त्रुटियां सामने आई हैं। जांच में पता चला कि 2,380 विद्यार्थियों की मार्कशीट में विभिन्न प्रकार की गलतियां हुई हैं, जिससे छात्रों और अभिभावकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

पहले भी दिए गए थे सुधार के निर्देश

बताया जा रहा है कि 13 जुलाई को ही जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी सातों ब्लॉक के खंड शिक्षा अधिकारियों को मार्कशीट में हुई त्रुटियों को तत्काल सुधारने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद निर्धारित समय सीमा में सुधार कार्य पूरा नहीं किया गया। इसके बाद अब डीईओ ने संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।

मातहत अधिकारियों से भी मांगा गया जवाब

मामले की गंभीरता को देखते हुए खंड शिक्षा अधिकारियों ने भी अपने अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा है। विभागीय स्तर पर यह पता लगाया जा रहा है कि लापरवाही किस स्तर पर हुई और इसके लिए जिम्मेदार कौन है।

हजारों छात्र कर रहे सही मार्कशीट का इंतजार

सरकारी आदेशों और नोटिसों के बीच जिले के हजारों छात्र-छात्राएं अब भी अपनी संशोधित और त्रुटिरहित मार्कशीट मिलने का इंतजार कर रहे हैं। अभिभावकों का कहना है कि समय पर सही मार्कशीट नहीं मिलने से विद्यार्थियों के आगे के प्रवेश और अन्य शैक्षणिक प्रक्रियाएं प्रभावित हो सकती हैं। वहीं शिक्षा विभाग ने जल्द त्रुटियों का निराकरण कर सही मार्कशीट जारी करने का आश्वासन दिया है।