May 18, 2026

जंगल में लगी आग बुझाने पहुंचे दो मासूम, साहस देख वन विभाग भी हुआ हैरान

बस्तर। बस्तर जिले के करपावंड रेंज के अंतर्गत मोखागांव के जंगलों में शनिवार को भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठती देख वन विभाग की टीम के साथ दो छोटे बच्चों ने भी साहस का परिचय देते हुए आग बुझाने में मदद की। धनपुर गांव के रहने वाले 8 वर्षीय मुना और 10 वर्षीय तिलक ने अपनी सूझबूझ और हिम्मत से सभी को हैरान कर दिया।

जैसे ही दोनों बच्चों ने जंगल में आग देखी, वे बिना किसी हिचकिचाहट के आग बुझाने के प्रयास में जुट गए। उन्होंने वन विभाग के कर्मचारियों के साथ मिलकर आग पर काबू पाने में मदद की। बच्चों और वन अमले के संयुक्त प्रयास से कुछ ही समय में आग को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया।

वन विभाग के अधिकारियों ने दोनों बच्चों के साहस और जिम्मेदारी की भावना की सराहना की है। अधिकारियों का कहना है कि जिस उम्र में बच्चे खेलकूद में व्यस्त रहते हैं, उस उम्र में इन बच्चों ने जंगल और पर्यावरण की रक्षा के लिए आगे आकर प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया है।

गौरतलब है कि गर्मी के मौसम में वनों से आच्छादित बस्तर क्षेत्र में हर साल आग लगने के कई मामले सामने आते हैं। ऐसे में वन विभाग के साथ स्थानीय ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी जंगलों को दावानल से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।