July 23, 2026

ओडिशा से यूपी ले जाया जा रहा 12.7 किलो गांजा जब्त, बस्तर पुलिस ने दो तस्करों को दबोचा

बस्तर। ओडिशा सीमा क्षेत्र में गांजा तस्करी के खिलाफ बस्तर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नगरनार थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 12.700 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 6 लाख 35 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध व्यक्ति धनपुंजी फॉरेस्ट नाका के पास यात्री बस का इंतजार कर रहे हैं और उनके पास मादक पदार्थ मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान हरिओम शर्मा और मोनू चौरसिया, निवासी हरदोई (उत्तर प्रदेश) के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 12.7 किलो गांजा बरामद किया गया।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश ले जा रहे थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि तस्करी के इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।