May 19, 2026

बस्तर हेरिटेज मैराथन में ‘पहियों’ से जीत का खेल: CCTV में खुला फर्जीवाड़ा, विजेता सूची बदली

जगदलपुर। बस्तर में आयोजित हेरिटेज मैराथन अब खेल भावना नहीं, बल्कि फर्जीवाड़े को लेकर सुर्खियों में है। 42 किलोमीटर की इस दौड़ में कुछ प्रतिभागियों द्वारा वाहन का इस्तेमाल कर जीत हासिल करने का मामला सामने आने के बाद पूरे आयोजन पर सवाल खड़े हो गए हैं।

दरअसल, लोहंडीगुड़ा की प्रतिभागी प्रमिला मंडावी ने शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि दूसरे और तीसरे स्थान पर रही नेहा और कौशल्या नेताम ने दौड़ के दौरान वाहन का सहारा लिया। शिकायत के बाद जब प्रशासन ने जांच शुरू की, तो सच्चाई कैमरों में कैद मिली।

CCTV में कैद हुआ सच
जांच के दौरान सामने आए CCTV फुटेज में साफ दिखा कि दोनों प्रतिभागी कुछ दूरी तक सूमो वाहन में सफर करती नजर आईं। इसके बाद फिनिश लाइन से पहले उतरकर वे फिर दौड़ में शामिल हो गईं। यानी जीत मेहनत से नहीं, बल्कि शॉर्टकट से हासिल की गई।

प्रशासन की कार्रवाई
मामले की पुष्टि होने के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों प्रतिभागियों को विजेताओं की सूची से बाहर कर दिया। इसके साथ ही टॉप-10 की संशोधित सूची जारी करनी पड़ी।

आयोजन की साख पर सवाल
22 मार्च को आयोजित इस मैराथन में हजारों धावकों ने ईमानदारी से हिस्सा लिया था, लेकिन इस घटना ने पूरे आयोजन की निष्पक्षता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब जरूरत है कि भविष्य में ऐसे आयोजनों में कड़ी निगरानी और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए, ताकि खेल की भावना बरकरार रह सके।