September 4, 2026

बस्तर में बारिश का कहर: खतरे के निशान से ऊपर बह रही इंद्रावती, पुराने पुल पर चढ़ा पानी; कई गांवों का संपर्क टूटा

जगदलपुर। बस्तर और ओडिशा में लगातार हो रही झमाझम बारिश का असर अब इंद्रावती नदी पर साफ दिखाई दे रहा है। इंद्रावती नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है और जलस्तर 8.40 मीटर तक पहुंच गया है। जगदलपुर के पुराने पुल के ऊपर से भी पानी बहने लगा है। नदी-नालों के उफान पर होने के चलते दर्जनों गांवों का संपर्क टूट गया है।

इंद्रावती नदी के साथ उसके सहायक नाले भी उफान पर हैं, जिससे आसपास के इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। स्थिति को देखते हुए SDRF को अलर्ट मोड पर रखा गया है। वहीं जगदलपुर तहसीलदार के मुताबिक बाढ़ प्रभावित इलाकों में लगातार मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया जा रहा है।

बेलगांव-नगरनार मार्ग पर बह रहा बाढ़ का पानी

लगातार बारिश के कारण बेलगांव-नगरनार को जोड़ने वाले मार्ग के ऊपर से भी बाढ़ का पानी बह रहा है। इसके बावजूद कुछ लोग जान जोखिम में डालकर पानी के बीच से सड़क पार करते नजर आ रहे हैं। प्रशासन की ओर से लोगों से सावधानी बरतने और उफनते नदी-नालों को पार नहीं करने की अपील की जा रही है।

उफान पर चित्रकोट जलप्रपात

लगातार बारिश के चलते चित्रकोट जलप्रपात भी अपने पूरे शबाब पर नजर आ रहा है। जलप्रपात में पानी का बहाव बढ़ने से इसकी खूबसूरती और भी निखर गई है। हालांकि, जलस्तर बढ़ने के कारण आसपास के क्षेत्रों में सतर्कता बरती जा रही है।

अगले 24 घंटे भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटे के दौरान कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में अगले 7 दिनों तक अलग-अलग स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। ऐसे में नदी-नालों के जलस्तर में और बढ़ोतरी की संभावना बनी हुई है।

रायपुर में भी बारिश से जलभराव

राजधानी रायपुर में रविवार दोपहर करीब दो घंटे तक लगातार तेज बारिश हुई। इसके चलते कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। गायत्री नगर में जगन्नाथ मंदिर के पास नाले में फंसे एक युवक को रस्सी के सहारे सुरक्षित बाहर निकाला गया।

फिलहाल बस्तर में प्रशासन और SDRF की टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। लोगों से नदी, नाले और पुल-पुलियों के ऊपर से पानी बहने की स्थिति में जोखिम न उठाने की अपील की जा रही है।