May 15, 2026

बस्तर में अवैध लौह अयस्क तस्करी का भंडाफोड़, ट्रक जब्त, प्लॉट से भारी डंप बरामद

अवैध लौह अयस्क कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, ट्रक जब्त
बस्तर. जिले में अवैध लौह अयस्क तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई है. परिवहन संघ की सूचना पर टीम ने माल से भरा एक ट्रक पकड़ा. चार ट्रकों से तस्करी की पहले ही सूचना मिली थी. कार्रवाई के दौरान एक निजी प्लॉट में भारी मात्रा में अयस्क डंप मिला. मौके से कुछ माल हटाए जाने की भी बात सामने आई है. प्लॉट मालिक के नहीं पहुंचने से संदेह गहराया है. आरोपी का नाम पहले भी ऐसे मामलों में जुड़ चुका है. पुलिस और खनिज विभाग जांच में जुटे हैं.

बस्तर का बेटा बना कमर्शियल पायलट, एयरबस उड़ा रहा अजीत
बस्तर. जिले के अजीत सिंह ठाकुर ने कमर्शियल पायलट बनकर इतिहास रच दिया है. वे 180 सीटर एयरबस विमान उड़ा रहे हैं. इंजीनियरिंग के बाद दिल्ली में एविएशन की तैयारी कर उन्होंने 200 घंटे की उड़ान ट्रेनिंग पूरी की. डीजीसीए लाइसेंस मिलने के बाद अब वे देश-विदेश में उड़ान भर रहे हैं. उन्हें फ्लाइट इंस्ट्रक्टर का लाइसेंस भी मिल चुका है.

सड़कों पर आवारा मवेशियों का खतरा, बढ़ रहे हादसे
बस्तर. जिले में आवारा मवेशियों के कारण सड़क हादसे बढ़ते जा रहे हैं. रोजाना गौवंश वाहनों की चपेट में आ रहे हैं. रात में स्थिति और गंभीर हो जाती है. गौ अभ्यारण्य और गोठान योजना के बावजूद समस्या जस की तस है. सामाजिक संगठन लगातार प्रशासन को चेतावनी दे रहे हैं.

शिक्षकों को बड़ी राहत, पुरानी पेंशन पर हाईकोर्ट की मुहर
बस्तर. 1998-99 संवर्ग के शिक्षकों को बड़ी राहत मिली है. हाईकोर्ट ने नियुक्ति की तिथि से पुरानी पेंशन लागू करने का फैसला बरकरार रखा है. इससे हजारों शिक्षकों को लाभ मिलेगा. शिक्षक संगठनों ने इसे न्याय की जीत बताया है.

बोर्ड रिजल्ट से पहले साइबर ठग सक्रिय, पालकों को अलर्ट
बस्तर. बोर्ड परीक्षा से पहले साइबर ठगी के मामले बढ़ रहे हैं. ठग खुद को अधिकारी बताकर नंबर बढ़ाने या पास कराने के नाम पर पैसे मांग रहे हैं. पुलिस ने साफ किया है कि यह पूरी तरह फर्जी है. संदिग्ध कॉल पर 1930 में शिकायत करने की सलाह दी गई है.

कांग्रेस बैठक में बैज ने दिए संगठन को निर्देश
जगदलपुर. राजीव भवन में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने जिला कार्यकारिणी की बैठक ली. गांव चलो बूथ चलो अभियान की समीक्षा की गई. बैठक में कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे.

करोड़ों का उत्पादन, फिर भी कर्मचारियों को पानी संकट
बैलाडीला. खनिज उत्पादन क्षेत्र में पानी की भारी किल्लत सामने आई है. टाउनशिप में सप्लाई घटाकर एक बार कर दी गई है. पीने के पानी तक की समस्या हो रही है. कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ रही है और आंदोलन की चेतावनी दी गई है.

70 साल का इंतजार खत्म, रावघाट-जगदलपुर रेल प्रोजेक्ट को मंजूरी
बस्तर. रावघाट-जगदलपुर रेल लाइन के लिए 3513 करोड़ रुपए मंजूर हुए हैं. 140 किमी नई लाइन बिछेगी. कोंडागांव और नारायणपुर पहली बार रेल नक्शे में जुड़ेंगे. इससे व्यापार, पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा.

नाबालिग से दुष्कर्म, आरोपी को 20 साल की सजा
नारायणपुर. पॉक्सो कोर्ट ने नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को 20 साल की सजा सुनाई है. आरोपी ने शादी का झांसा देकर अपराध किया था. कोर्ट ने 5 लाख रुपए मुआवजा देने का भी आदेश दिया है.

टाटामारी में पेड़ों की कटाई जारी, संरक्षण पर सवाल
केशकाल. टाटामारी इको पर्यटन केंद्र में पेड़ों की कटाई की शिकायतें सामने आई हैं. करोड़ों खर्च के बावजूद संरक्षण व्यवस्था कमजोर बताई जा रही है. स्थानीय लोगों ने कार्रवाई की मांग की है.