कांकेर/जगदलपुर/दंतेवाड़ा। बस्तर संभाग के विभिन्न जिलों में सड़क हादसों, अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई, पेयजल संकट और रोजगार संबंधी गतिविधियों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण खबरें सामने आई हैं।
सड़क हादसे में युवक की मौत
कांकेर के चारामा थाना क्षेत्र के आवंरी निवासी 36 वर्षीय महेंद्र कुमार कोसरिया की सड़क दुर्घटना में गंभीर चोट लगने से मौत हो गई। रायपुर के अस्पताल से मेमो मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना शुरू की है।
वहीं बांदे थाना क्षेत्र में मरोड़ा शिव मंदिर के पास हुए हादसे में गढ़चिरौली जिले के पीपरी धुरगी निवासी 21 वर्षीय दीपक शिल्लुएस एक्का की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन, तीन गिरफ्तार
चारामा और बांदे पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को आबकारी एक्ट के तहत गिरफ्तार किया।
चारामा पुलिस ने ग्राम कंडेल के पास सड़क किनारे शराब सेवन करते दो युवकों को पकड़ा। वहीं बांदे पुलिस ने ग्राम करेनार में अवैध रूप से शराब पीने की सुविधा देने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया।
जगदलपुर में पेयजल संकट, 2 किमी दूर से ला रहे पानी
जगदलपुर के ग्राम पंचायत खमेसरी राजनगर-2 के स्कूल पारा में पेयजल संकट गहरा गया है। ग्रामीणों ने विधायक लखेश्वर बघेल को ज्ञापन सौंपकर हैंडपंप खनन की मांग की।
महिलाओं और बच्चों को लगभग 2 किलोमीटर दूर से पानी लाना पड़ रहा है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों ने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया है।
30 लीटर महुआ शराब जब्त
कांकेर के बांदे थाना क्षेत्र में पुलिस ने ग्राम पीव्ही 88 रघुनाथपुर में छापामारी कर 30 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की। आरोपी असीत बसु को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। जब्त सामग्री की कीमत लगभग 5,700 रुपये आंकी गई है।
सड़क दुर्घटना मृतक के परिजन को सहायता
कांकेर के नरहरपुर विकासखंड के ग्राम हटकाचारामा निवासी सड़क दुर्घटना में मृतक आशीष कुमार शोरी के परिजन को 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। राशि का भुगतान तहसीलदार नरहरपुर के माध्यम से किया जाएगा।
दंतेवाड़ा में मिशन वात्सल्य के तहत भर्ती
दंतेवाड़ा में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा मिशन वात्सल्य योजना के अंतर्गत चाइल्ड हेल्पलाइन यूनिट में केस वर्कर के 1 रिक्त पद पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू की गई है। आवेदन निर्धारित प्रक्रिया के तहत आमंत्रित किए जाएंगे।
कांकेर में 25 फरवरी को प्लेसमेंट कैंप
कांकेर के जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र कोड़ेजुंगा में 25 फरवरी को एक दिवसीय प्लेसमेंट कैंप आयोजित होगा। 887 पदों पर भर्ती की जाएगी, जिनमें सिक्योरिटी गार्ड, लेबर, सेल्स एग्जीक्यूटिव, प्रोडक्ट एडवाइजर सहित अन्य पद शामिल हैं। इच्छुक अभ्यर्थी बायोडाटा के साथ उपस्थित हो सकते हैं या ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।





