May 18, 2026

बस्तर में कानून, शिक्षा और समाज की मिसाल: तस्करी, मैराथन और दिव्यांग परिवार तक की खबरें

तेंदुए की खाल के साथ 9 तस्कर गिरफ्तार, संगठित नेटवर्क का खुलासा

कोंडागांव। जिले में वन्यजीव तस्करी के संगठित नेटवर्क का बड़ा खुलासा हुआ है। फरसगांव-बड़ेडोंगर मार्ग पर वन विभाग और उड़नदस्ता टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

आरोपी मोटरसाइकिल और इको वाहन से बोरी में बंद तेंदुए की खाल ले जा रहे थे। टीम ने खरीददार बनकर जाल बिछाया और घेराबंदी कर सभी को मौके पर पकड़ लिया।

जब्त खाल 195 सेमी लंबी और 45 सेमी चौड़ी है, जिसकी कीमत लाखों में आंकी गई है। पूछताछ में पता चला कि शिकार 7 महीने पहले भरमार बंदूक से किया गया था।

किताबों से बाहर सीख: छात्रों ने देश के प्रमुख स्थल देखे

जगदलपुर। पीएम श्री स्कूलों के मेधावी छात्रों को एक्सपोजर विजिट के जरिए देश के प्रमुख स्थलों का भ्रमण कराया गया।

शैक्षणिक यात्रा से लौटे छात्रों ने कलेक्टर आकाश छिकारा से मुलाकात कर अनुभव साझा किए। इस पहल से छात्रों के आत्मविश्वास और सोच में सकारात्मक बदलाव देखा गया।

चेट्रीचंड्र पर दिखी एकजुटता, शहर में भव्य शोभायात्रा

जगदलपुर। सिंधी समाज ने चेट्रीचंड्र पर्व को पूरे उत्साह और आस्था के साथ मनाया।

सिंधी गुरुद्वारा में पूजा के बाद भव्य शोभायात्रा निकाली गई। ‘छेज’ नृत्य, झांकियां और जयकारों से शहर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।

मैराथन के चलते ट्रैफिक लॉकडाउन, कई मार्ग रहेंगे बंद

जगदलपुर। बस्तर हेरिटेज मैराथन को लेकर 22 मार्च को सुबह 4 बजे से दोपहर 12 बजे तक कई मार्ग बंद रहेंगे।

जगदलपुर-चित्रकोट मार्ग को नो व्हीकल जोन घोषित किया गया है। पुलिस ने लोगों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है।

अधूरी पुलिया बनी खतरा, सुरक्षा इंतजाम नहीं

बचेली। पुराना मार्केट क्षेत्र में निर्माणाधीन पुलिया लोगों के लिए खतरा बन गई है।

न चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और न ही पर्याप्त बैरिकेडिंग की गई है। स्थानीय लोगों ने जल्द निर्माण पूरा करने की मांग की है।

‘पैसा दोगुना’ का झांसा, साइबर ठग बिहार से गिरफ्तार

दंतेवाड़ा। ‘टास्क पूरा करो, पैसा दोगुना पाओ’ का झांसा देकर 7.91 लाख की ठगी करने वाले आरोपी को बिहार से गिरफ्तार किया गया है।

100 से अधिक बैंक खातों की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी को ट्रेस कर पकड़ा।

समाज ने दिव्यांग परिवार को दिया नया घर

नारायणपुर। अंजुमन इस्लामिया कमेटी और मुस्लिम समाज ने एक दिव्यांग परिवार को पक्का मकान बनाकर सौंपा।

चंदा एकत्र कर बनाए गए इस घर ने सामाजिक एकजुटता की मिसाल पेश की है।

खनिज से करोड़ों की कमाई, फिर भी रेल सुविधा नहीं

जगदलपुर। बस्तर में खनिज संपदा से करोड़ों की कमाई के बावजूद रेल सुविधाओं का अभाव बना हुआ है।

जगदलपुर-दुर्ग इंटरसिटी ट्रेन बंद होने और अधूरी रेल परियोजनाओं को लेकर लोगों में नाराजगी है।