September 4, 2026

Bastar में बच्चों की पसंदीदा Mango Ice Candy पर बैन, जांच में Unsafe मिली; बिक्री और भंडारण पर तत्काल रोक

जगदलपुर। बच्चों के बीच लोकप्रिय रंग-बिरंगी आइस कैंडी को लेकर बस्तर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला की जांच में ‘भीम का मैंगो पैकेट ग्रीन कलर मैंगो आइस कैंडी’ को Unsafe यानी असुरक्षित पाया गया है। रिपोर्ट सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने पूरे बस्तर जिले में इसकी बिक्री, वितरण और भंडारण पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है।

दुकानदारों को बिक्री बंद करने के निर्देश

खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले के सभी थोक और चिल्हर व्यापारियों को संबंधित उत्पाद की बिक्री तत्काल बंद करने के निर्देश दिए हैं। बाजार में उपलब्ध स्टॉक को वापस मंगाकर नियमानुसार नष्ट करने के लिए भी कहा गया है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंध के बावजूद यदि कहीं इस उत्पाद की बिक्री, वितरण या भंडारण पाया जाता है, तो संबंधित व्यक्ति या प्रतिष्ठान के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

भीम का मैंगो आइस कैंडी और वीबा एगलेस मयोनीज भी अमानक

खाद्य सुरक्षा विभाग की अधिकारी पूनम कुंजाम ने बताया कि जांच में भीम का मैंगो आइस कैंडी और वीबा एगलेस मयोनीज अमानक पाए गए हैं। इसके बाद पूरे बस्तर जिले में दोनों खाद्य उत्पादों के विक्रय, वितरण और भंडारण पर प्रतिबंध लगाया गया है।

लोगों से की गई अपील

खाद्य सुरक्षा विभाग ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि प्रतिबंधित खाद्य उत्पादों की बिक्री न करें। यदि कहीं इनका भंडारण या बिक्री होने की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना खाद्य सुरक्षा विभाग को दें।

विभाग ने खाद्य पदार्थों से संबंधित शिकायतों को टोल-फ्री नंबर के माध्यम से दर्ज कराने की भी अपील की है।