जगदलपुर। बस्तर में नक्सलवाद की समाप्ति के बाद पहली बार स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 93 गांवों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण के लिए बस्तर पहुंचे उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने इसे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बस्तर प्रवास के दौरान मीडिया से चर्चा में कहा कि पहली बार बस्तर में शत-प्रतिशत क्षेत्रों में स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। नक्सलवाद के खात्मे के बाद अब बस्तर के कोने-कोने तक देश का संविधान और शासन व्यवस्था पहुंची है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बनने के बाद से ही नक्सल प्रभावित और नक्सल मुक्त क्षेत्रों में राष्ट्रीय पर्वों के दौरान तिरंगा फहराने की शुरुआत हुई थी। अब 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पहली बार बस्तर के सभी गांवों में राष्ट्रीय पर्व का आयोजन पूरे उत्साह के साथ किया गया।
विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर में बदलते हालात के साथ अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी देशभक्ति और राष्ट्रीय पर्वों को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है। 93 गांवों में तिरंगा फहराया जाना नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई के बाद क्षेत्र में आए बदलाव और सामान्य होते जनजीवन का महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है।





