रायपुर, 06 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ में सशस्त्र नक्सलवाद से मुक्ति के ऐतिहासिक क्षण पर उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री श्री विजय शर्मा का बस्तर में भव्य अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर स्थानीय लोगों, समाजों और संगठनों ने बाजा-गाजा, ढोल-नगाड़ों और लड्डुओं से उनका स्वागत किया।

उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि यह जीत जनभागीदारी, सुरक्षा बलों के साहस और बस्तरवासियों के विश्वास की जीत है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और उनके सतत प्रयासों से चार दशकों से चली आ रही नक्सल समस्या का समाधान संभव हुआ।
कवर्धा के महामाया चौक में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में ब्राह्मण, यादव, ठाकुर, कुर्मी, साहू, सतनामी, गोंड समेत विभिन्न समाजों और जिला प्रेस क्लब, यूथ क्लब, प्राइवेट स्कूल संघ आदि संगठनों ने भी हिस्सा लिया। सभी ने उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा को लड्डुओं से तौलकर सम्मानित किया।

श्री शर्मा ने बस्तर के शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी और गायत्री मंदिर तथा गुरुद्वारे में प्रदेश की शांति और समृद्धि की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि माओवाद एक आयातित विचार था, जिसने भोले-भाले ग्रामीणों के हाथों में बंदूक थमाकर शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्रभावित किया। अब बस्तर के गांवों में भय नहीं, बल्कि विकास और खुशहाली की बहार लौट आई है।
उप मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का भी उल्लेख करते हुए कहा कि देश में दशकों से लंबित कई बड़े निर्णयों की तरह नक्सल समस्या का समाधान भी तय समय में हुआ। इस भव्य सम्मान के लिए उन्होंने कवर्धा के लोगों का हृदय से आभार व्यक्त किया।





