May 15, 2026

बस्तर में कांग्रेस का संगठन विस्तार, दुधावा में मछली कारोबार ठप, तेंदुए से हड़कंप सहित बड़ी खबरें

बस्तर। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने संगठन विस्तार करते हुए विधि विभाग में नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। अवधेश झा को प्रदेश महामंत्री के साथ बस्तर संभाग प्रभारी बनाया गया है, जबकि विजय प्रकाश दास को बस्तर जिला विधि विभाग की कमान दी गई है। दुर्ग के सौरभ ताम्रकर को प्रदेश महामंत्री और महासमुंद के राजेश डडसेना को प्रदेश सचिव नियुक्त किया गया है। पार्टी इसे जमीनी स्तर पर कानूनी लड़ाई मजबूत करने की रणनीति मान रही है।

दुधावा में मछली कारोबार पर संकट
कांकेर जिले के दुधावा जलाशय में तिलापिया मछली का निर्यात बंद होने से कारोबार ठप हो गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार, खासकर अमेरिका में निर्यात रुकने से करोड़ों के नुकसान की आशंका है। मछलियां जलाशय में फंसी हुई हैं और स्थानीय बाजार में मांग बेहद कम है।

गुरिल्ला ट्रेनिंग के दौरान तेंदुए की एंट्री
जगदलपुर में जंगलवार कॉलेज के पीछे जंगल में ट्रेनिंग के दौरान एक तेंदुआ अचानक घुस गया। भागने के दौरान एक जवान घायल हो गया, जिसे इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। घटना के बाद सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

जुए पर कार्रवाई, चार गिरफ्तार
चारामा थाना क्षेत्र में पुलिस ने जुआ खेलते चार लोगों को रंगे हाथ पकड़ा। आरोपियों से 11,040 रुपये नगद और दो मोटरसाइकिल जब्त की गई। सभी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।

67 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार
नरहरपुर पुलिस ने यूपी से दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 67 किलो 380 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 43.69 लाख रुपये बताई गई है।

बाल विवाह रोका गया
कोंडागांव में प्रशासन ने समय रहते कार्रवाई कर एक बाल विवाह रुकवाया। युवक की उम्र निर्धारित सीमा से कम पाई गई, जिसके बाद परिजनों को समझाइश देकर विवाह टाल दिया गया।

खटिया बनी एंबुलेंस, 19 किमी पैदल सफर
नारायणपुर के बीनागुंडा गांव में ग्रामीणों ने बीमार युवक को खटिया में बांधकर 19 किलोमीटर पैदल चलकर अस्पताल पहुंचाया। एंबुलेंस सेवा नहीं मिलने पर यह कदम उठाया गया।

सड़क हादसे में युवक की मौत
जगदलपुर में बाईपास पर ट्रक और बाइक की टक्कर में 17 वर्षीय युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है।

युवा उद्यमी की मिसाल
केशकाल के अखिल सोनी ने मल्टीनेशनल नौकरी छोड़कर गांव में कैफे शुरू किया और स्थानीय युवाओं को रोजगार दिया। उनकी पहल क्षेत्र में प्रेरणा बन रही है।