May 15, 2026

Bastar Update: गौ अभियान, बेरोजगारी संकट, अवैध कनेक्शन पर कार्रवाई और तस्करी पर शिकंजा

Jagdalpur। जिलेभर में गौ सम्मान आह्वान अभियान तेज हो गया है। प्रबुद्ध नागरिकों, संत समाज और गौ सेवकों ने रैली निकालकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम भेजे गए मांग पत्र में गौवंश को संवैधानिक दर्जा देकर राष्ट्रमाता घोषित करने, गौ तस्करी को गैर-जमानती अपराध बनाने और अपराधियों की संपत्ति जब्त करने की मांग उठाई गई। साथ ही हर पंचायत में नंदीशाला और जिले में गौ अभ्यारण्य बनाने, स्कूल पाठ्यक्रम में गौ विज्ञान शामिल करने और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।

बेरोजगारी का संकट गहराया
Kanker। बस्तर संभाग में रोजगार संकट लगातार बढ़ रहा है। कांकेर जिले में 60,319 बेरोजगार युवाओं का पंजीयन रोजगार कार्यालय में दर्ज है। इनमें बड़ी संख्या में डिग्रीधारी युवा शामिल हैं, लेकिन अवसरों की कमी के कारण उन्हें नौकरी नहीं मिल पा रही है। सरकारी भर्तियों की धीमी प्रक्रिया और निजी क्षेत्र में सीमित अवसरों के चलते युवाओं में निराशा बढ़ रही है। रोजगार मेले और प्लेसमेंट कैंप भी पहले की तुलना में कम सक्रिय हो गए हैं।

अवैध नल कनेक्शनों पर निगम की सख्ती
Jagdalpur नगर निगम ने अवैध नल कनेक्शनों के खिलाफ अभियान चलाते हुए अब तक 286 कनेक्शन चिन्हित किए हैं। इनमें से 204 उपभोक्ताओं ने शुल्क जमा कर कनेक्शन वैध करा लिया है, जबकि 82 कनेक्शन काट दिए गए हैं। निगम ने 30 अप्रैल तक राहत अवधि दी है, जिसके बाद भारी जुर्माना लगाया जाएगा।

तीखुर बना ग्रामीणों की आय का जरिया
Bijapur। गंगालूर और बासागुड़ा क्षेत्र में तीखुर की पैदावार से ग्रामीणों को अच्छी आय हो रही है। बाजार में इसकी मांग बढ़ने से एक पैयली तीखुर 400 रुपये तक बिक रहा है। वन विभाग भी समर्थन मूल्य पर खरीदी कर रहा है, जिससे किसानों को अतिरिक्त लाभ मिल रहा है।

सागौन तस्करी पर बड़ी कार्रवाई
Sukma। वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने किस्टाराम क्षेत्र में अवैध आरा मशीन पर छापा मारकर करीब 7.50 लाख रुपये की सागौन लकड़ी जब्त की है। मुख्य आरोपी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है।

तेन्दूपत्ता खरीदी विवाद गहराया
Sukma। तेन्दूपत्ता फड़ बंद होने से आदिवासी ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई है। हजारों ग्रामीण पत्ता तोड़कर ला चुके हैं, लेकिन खरीदी बंद होने से उनकी कमाई पर संकट मंडरा रहा है। संगठनों ने खरीदी अवधि बढ़ाने की मांग की है और आंदोलन की चेतावनी दी है।

पुरानी रंजिश में हत्या, आरोपी गिरफ्तार
Narayanpur। एडका थाना क्षेत्र के ग्राम बंडापाल में पुरानी रंजिश के चलते युवक की हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी बुधुराम पोटाई को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में प्रयुक्त कुदाल भी बरामद कर ली गई है। मामले की जांच जारी है।

बस्तर संभाग में एक ओर सामाजिक और आर्थिक मुद्दे उभरकर सामने आ रहे हैं, वहीं कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक कार्रवाई भी लगातार जारी है।