जगदलपुर। बस्तर में लगातार हो रही बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। इंद्रावती नदी का जलस्तर इस सीजन में पहली बार डेंजर लेवल को पार कर गया है। सोमवार दोपहर 2 बजे नदी का जलस्तर 8.67 मीटर तक पहुंच गया और इसमें करीब 10 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ोतरी हो रही है। जलस्तर बढ़ने से नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है।
इंद्रावती नदी का पुराना पुल पानी में डूब गया है, जिसके चलते इस मार्ग पर आवागमन बंद हो गया है। कलचा मार्ग पर भी पानी भरने से आवाजाही प्रभावित है, जबकि बेलगांव-नगरनार मार्ग भी बंद हो गया है। ओडिशा में लगातार हो रही बारिश के चलते आने वाले घंटों में बस्तर में बाढ़ का खतरा और बढ़ने की आशंका है। प्रशासन नदी किनारे और निचले इलाकों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
इंद्रावती नदी किनारे मिला लापता महिला का शव
जगदलपुर। कोहकापाल क्षेत्र में इंद्रावती नदी किनारे एक महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान नयामुंडा निवासी 55 से 60 वर्षीय महिला के रूप में हुई है। वह 15 अगस्त से लापता थी और परिजनों ने 16 अगस्त को बोधघाट थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
नदी किनारे शव तैरता देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला मिर्गी की बीमारी से पीड़ित थी। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद चलेगा।
जिला अस्पताल की छत पर मिला भर्ती मरीज का शव
नारायणपुर। जिला अस्पताल में भर्ती एक मरीज का शव रविवार सुबह अस्पताल की छत से नीचे संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मरीज को 21 अगस्त को पेट दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रात करीब 2 बजे वह अपने बेड से गायब मिला।
सुबह करीब 6 बजे अस्पताल की नर्स ने अटेंडर को मरीज के अस्पताल के बाहर जमीन पर पड़े होने की जानकारी दी। मौके पर पहुंचने पर मरीज लहूलुहान हालत में मिला, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मरीज वार्ड से निकलकर छत तक कैसे पहुंचा और घटना किन परिस्थितियों में हुई। मामले ने अस्पताल की सुरक्षा और मरीजों की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सड़क हादसे में घायल जवानों से मिले मंत्री केदार कश्यप
जगदलपुर। वन मंत्री केदार कश्यप ने डिमरापाल स्थित कॉन्टिनेंटल अस्पताल पहुंचकर सड़क हादसे में घायल जवानों का हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों से जवानों के उपचार और रिकवरी की जानकारी ली तथा उनके परिजनों से मुलाकात कर हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
गौरतलब है कि 23 अगस्त को भानपुरी थाना क्षेत्र में मंत्री के काफिले के एक वाहन की तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से टक्कर हो गई थी। हादसे में फॉलो वाहन का चालक और उसमें सवार पुलिस जवान घायल हुए थे। गंभीर रूप से घायल जवानों को बेहतर उपचार के लिए जगदलपुर रेफर किया गया था।
शिक्षकों की कमी से परेशान दिव्यांग छात्रों ने कलेक्टर से लगाई गुहार
जगदलपुर। शासकीय दृष्टि एवं श्रवण बाधितार्थ विद्यालय के दिव्यांग विद्यार्थी शिक्षकों की कमी की समस्या को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे। विद्यार्थियों ने बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा से मुलाकात कर बताया कि पर्याप्त शिक्षक नहीं होने से उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
विद्यार्थियों ने पूर्व में कार्यरत दैनिक वेतनभोगी शिक्षकों और शिक्षा विभाग से संलग्न व्याख्याताओं की दोबारा पदस्थापना की मांग की। कलेक्टर ने समस्या को गंभीरता से सुनते हुए जल्द समाधान का आश्वासन दिया। एसडीएम मनीष वर्मा ने भी विद्यार्थियों से मुलाकात की और उन्हें सुरक्षित विद्यालय पहुंचाने के लिए वाहन की व्यवस्था कराई।
अंजाड़ी नाला में मिला महिला का शव
पखांजूर। नगर पंचायत पखांजूर क्षेत्र के अंजाड़ी नाला में सोमवार को एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
पुलिस जांच में मृतका की पहचान सुनीता शोरी (30), पति सोमनाथ, निवासी पखांजूर पीडब्ल्यूडी ऑफिस के पास के रूप में हुई है। शव को मर्चुरी में सुरक्षित रखा गया है। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद चलेगा।
जर्जर सड़कों के विरोध में AAP का चक्काजाम
अंतागढ़। रावघाट माइंस के भारी वाहनों के लगातार आवागमन से अंतागढ़-नारायणपुर मार्ग समेत क्षेत्र की कई सड़कें जर्जर हो गई हैं। इससे आम नागरिकों, स्कूली वाहनों और एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
समस्या को लेकर आम आदमी पार्टी ने 25 अगस्त सुबह 8 बजे चक्काजाम आंदोलन करने का ऐलान किया है। पार्टी की मांग है कि सड़क का पूर्ण निर्माण होने तक रावघाट माइंस और अन्य भारी वाहनों के संचालन पर रोक लगाई जाए। पार्टी ने प्रशासन से सड़क की स्थिति सुधारने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।





