जगदलपुर। बस्तर संभाग में प्याज की बढ़ती कीमत, टीबी उन्मूलन अभियान, सड़क सुरक्षा, कन्या आश्रम की व्यवस्था, NEET में आदिवासी विद्यार्थियों की सफलता और NH-30 चौड़ीकरण से जुड़ी अहम खबरें सामने आई हैं। एक नजर में पढ़ें दिनभर की प्रमुख खबरें।
जगदलपुर में प्याज के दाम ने बिगाड़ा रसोई का बजट
जगदलपुर के संजय बाजार में करीब 10 दिन पहले 25 से 30 रुपए किलो बिक रहा प्याज अब 60 रुपए किलो तक पहुंच गया है। थोक बाजार में भी भाव 50 से 52 रुपए किलो है। कारोबारियों के मुताबिक प्याज की आवक घटकर आधी रह गई है। त्योहारी मांग और बारिश के कारण आपूर्ति प्रभावित होने से कीमतों में तेजी आई है।
दरभा में घर-घर पहुंचेगी टीबी जांच टीम
वर्ष 2030 तक टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को लेकर दरभा विकासखंड में विशेष अभियान चलाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर स्क्रीनिंग करेंगी। बुजुर्गों, कम वजन वाले लोगों और मधुमेह से पीड़ित लोगों पर विशेष निगरानी रहेगी। करीब 12 पंचायतें पहले ही टीबी मुक्त हो चुकी हैं।
बस्तर के ब्लैक स्पॉट होंगे हाई अलर्ट
सड़क हादसों पर रोक लगाने के लिए आमागुड़ा चौक, पुराना पुल-आसना मार्ग, गीदम रोड और पण्डरीपानी समेत दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ाई जाएगी। रंबल स्ट्रिप्स, कैट्स आई, रेडियम संकेतक और स्ट्रीट लाइट लगाने की तैयारी है। नशे में वाहन चलाने वालों पर भी कार्रवाई होगी।
50 सीट का कन्या आश्रम खाली, छात्राओं की पढ़ाई पर सवाल
सुकमा के गुडरा स्थित 50 सीटर नवीन कन्या आश्रम नए सत्र में भी खाली है। विभाग का कहना है कि मरम्मत के चलते छात्राओं को घर भेजा गया है और वे गांव के स्कूलों में पढ़ रही हैं। वहीं पालकों का दावा है कि कई छात्राएं स्कूल नहीं जा रही हैं। मामले को लेकर धरना भी दिया गया।
भैरमगढ़ के आदिवासी विद्यार्थियों ने NEET में लहराया परचम
एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय भैरमगढ़ के ज्ञानेश्वर, कशिश नेताम और पूर्वी वाचम ने NEET में सफलता हासिल की है। दूरस्थ आदिवासी क्षेत्र के विद्यार्थियों की यह उपलब्धि विद्यालय और पूरे बस्तर के लिए गौरव का विषय बनी है।
दरभा घाटी में आसान होगा सफर, NH-30 चौड़ीकरण को मंजूरी की उम्मीद
जगदलपुर-सुकमा-कोंटा मार्ग के दरभा घाटी हिस्से में करीब 6.010 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ी है। वन भूमि उपयोग की प्रक्रिया और जरूरी राशि जमा होने के बाद अंतिम मंजूरी का इंतजार है। सड़क चौड़ी होने से यातायात, व्यापार और पर्यटन को फायदा मिलने की उम्मीद है।





