May 15, 2026

बस्तर न्यूज़ अपडेट : डिजिटल ब्रांडिंग से लेकर जमीनी समस्याओं तक, कई मुद्दों पर फोकस

जगदलपुर। बस्तर अब अपनी नई पहचान गढ़ने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। जगदलपुर के शौर्य भवन में आयोजित सोशल मीडिया क्रिएटर्स मीट ने इस बदलाव को नई दिशा दी। देशभर से पहुंचे यूट्यूबर्स और इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर्स ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। आईजी सुंदरराज पी. और कलेक्टर आकाश छिकारा ने क्रिएटर्स से संवाद कर बस्तर की बदलती तस्वीर साझा की। अधिकारियों ने बताया कि नक्सल प्रभावित छवि से बाहर निकलकर अब क्षेत्र में सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हुआ है। क्रिएटर्स से अपील की गई कि वे बस्तर के पर्यटन, संस्कृति और सकारात्मक पहलुओं को वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत करें।

शहर में आवारा मवेशियों और कुत्तों का बढ़ता आतंक

जगदलपुर। शहर में आवारा मवेशियों और कुत्तों की समस्या गंभीर होती जा रही है। सड़कों पर मवेशियों के जमावड़े से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है, वहीं कुत्तों के हमलों से लोग भयभीत हैं। इनाफ योजना के बावजूद स्थिति नियंत्रण में नहीं है। नागरिकों ने प्रशासन से ठोस कार्रवाई की मांग की है।

अक्षय तृतीया पर बाजार में जबरदस्त उछाल

जगदलपुर। अक्षय तृतीया के मौके पर बस्तर का बाजार पूरी तरह गुलजार रहा। सर्राफा बाजार में 5 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ। ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स और बर्तन बाजार में भी रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की गई। भीषण गर्मी के चलते एसी और फ्रिज की मांग भी बढ़ी।

तेंदूपत्ता खरीदी शुरू होने का इंतजार

बस्तर। वन विभाग ने तेंदूपत्ता खरीदी की तैयारी तेज कर दी है, लेकिन अभी तक प्रक्रिया शुरू नहीं होने से संग्राहकों में चिंता बनी हुई है। इस बार प्रति मानक बोरा 5500 रुपये की दर तय की गई है, जिससे ग्रामीणों को बेहतर आय की उम्मीद है।

ऑपरेशन मुस्कान में 5 महिलाएं सुरक्षित बरामद

कोंडागांव। पुलिस के ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत दो दिनों में 5 गुमशुदा महिलाओं को खोज निकाला गया। इनमें 2 नाबालिग भी शामिल हैं। सभी को सुरक्षित उनके परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने अभियान जारी रखने की बात कही है।

धर्मांतरण विवाद पर बढ़ा तनाव

नारायणपुर। छोटेडोंगर क्षेत्र में धर्मांतरण को लेकर विवाद गहरा गया है। सर्व समाज की बैठक में ग्रामीणों ने 30 अप्रैल तक धर्मांतरण वापस लेने का अल्टीमेटम दिया है। प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की गई है।

पुसपाल वैली बनेगी नया पर्यटन केंद्र

कोंडागांव। पुसपाल वैली में 3.16 करोड़ रुपये की लागत से पर्यटन विकास कार्य शुरू हुए हैं। यहां इको-टूरिज्म, एडवेंचर गतिविधियां और रिसॉर्ट विकसित किए जाएंगे, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है।

रावघाट खनन परियोजना पर ग्रामीणों का विरोध

नारायणपुर। रावघाट खनन परियोजना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ रहा है। किसानों का आरोप है कि खनन से निकलने वाला मलबा और प्रदूषित पानी खेतों में पहुंचकर जमीन को बंजर बना रहा है। ग्रामीणों ने मुआवजा और समाधान की मांग करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।