May 13, 2026

Bastar News Update : तेंदूपत्ता खरीदी ठप, तस्करी तेज… जल संरक्षण से हरियाली की तैयारी

तेंदूपत्ता खरीदी बंद, बिचौलियों की चांदी

सुकमा। नक्सलियों की आर्थिक कमर तोड़ने के उद्देश्य से शुरू की गई तेंदूपत्ता खरीदी व्यवस्था अब खुद संकट में घिरती नजर आ रही है। सुकमा जिले में खरीदी शुरू होने के महज तीन-चार दिन बाद ही कई फड़ों पर ताले लटक गए हैं। सरकारी खरीदी ठप होने से बिचौलिये सक्रिय हो गए हैं और सीमावर्ती इलाकों से तेंदूपत्ते की ओडिशा तस्करी शुरू हो गई है।

ग्रामीणों का आरोप है कि शबरी नदी पार कर नावों और जंगल के रास्तों से तेंदूपत्ता भेजा जा रहा है। जहां ओडिशा में इसकी कीमत 220 रुपए प्रति किलो तक मिल रही है, वहीं स्थानीय ग्रामीण मात्र 3.50 रुपए में बेचने को मजबूर हैं। खरीदी नहीं होने से गांवों में बड़ी मात्रा में तेंदूपत्ता डंप पड़ा हुआ है।

प्रशासन ने मुख्य पुलों पर नाका जरूर लगाया है, लेकिन जंगल के वैकल्पिक रास्तों से तस्करी जारी है। सरकारी रिकॉर्ड में तेंदूपत्ता दर्ज नहीं होने से ग्रामीण बोनस से भी वंचित हो रहे हैं। जिस योजना का उद्देश्य नक्सल फंडिंग रोकना था, उसी व्यवस्था की सुस्ती अब आदिवासियों की आजीविका पर भारी पड़ रही है।

‘कैच द रेन’ अभियान से जंगलों में जल संरक्षण

बस्तर। वन विभाग ने ‘कैच द रेन’ अभियान के तहत बड़े स्तर पर जल संरक्षण मिशन शुरू किया है। जंगलों और पहाड़ी क्षेत्रों में 1.8 लाख कंटूर ट्रेंच और 1.3 लाख चेक डैम तैयार किए जा रहे हैं, ताकि वर्षा जल का संरक्षण हो सके।

इसके अलावा 3.1 लाख से अधिक जल संरचनाओं का लक्ष्य तय किया गया है। विभाग ‘सीड बॉल’ तकनीक के जरिए दुर्गम पहाड़ियों में हरियाली बढ़ाने की योजना पर भी काम कर रहा है। मानसून के दौरान बीज बिखेरकर प्राकृतिक वनीकरण किया जाएगा।

वन विभाग के अनुसार, सूखी लकड़ियों से चेक डैम बनाकर ‘वेस्ट टू वेल्थ’ मॉडल अपनाया जा रहा है, जिससे वनाग्नि का खतरा भी कम होगा। अभियान से जल स्तर बढ़ने और वन्यजीवों को राहत मिलने की उम्मीद है।

एकतरफा प्यार में छात्रा पर जानलेवा हमला

बस्तर/बकावंड। बकावंड थाना क्षेत्र में एकतरफा प्यार का मामला खूनी वारदात में बदल गया। शादी का प्रस्ताव ठुकराने से नाराज युवक ने 11वीं की छात्रा पर जानलेवा हमला कर दिया।

बताया जा रहा है कि आरोपी ने रात में फोन कर युवती को घर से बाहर बुलाया और फिर सिर, गर्दन व सीने पर हमला कर दिया। चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपी फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल छात्रा का इलाज जारी है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

समर स्पेशल ट्रेन से यात्रियों को राहत

जगदलपुर। गर्मी की छुट्टियों और बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने समर स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला लिया है। जगदलपुर से हजरत निजामुद्दीन के लिए 21 मई को विशेष ट्रेन रवाना होगी।

22 कोच वाली इस ट्रेन में स्लीपर और जनरल दोनों श्रेणियों की सुविधा रहेगी। ट्रेन कोरापुट, रायपुर और नागपुर होते हुए दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन 25 मई को निजामुद्दीन से रवाना होगी। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले समय सारिणी जांचने की अपील की है।

टेलिंग डैम हादसे के बाद भी खतरा बरकरार

बचेली। टेलिंग डैम हादसे को एक साल बीतने के बाद भी स्थिति सामान्य नहीं हो पाई है। हादसे वाली जगह पर आज भी लाखों टन मलबा पड़ा हुआ है और सुरक्षा दीवार का निर्माण नहीं हो सका है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश शुरू होने से पहले सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो फिर बड़ा हादसा हो सकता है। नगर पालिका ने भी मामले में नाराजगी जताई है और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग उठाई है।

बंद फैक्ट्री में धधकती आग, चार बच्चे झुलसे

जगदलपुर। शहर के बलिराम कश्यप वार्ड स्थित एक बंद फैक्ट्री में जमीन के नीचे धधक रही आग की चपेट में आने से चार बच्चे झुलस गए।

बताया जा रहा है कि खेलते समय जमीन धंसने से बच्चे आग वाले हिस्से में गिर गए। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई है। स्थानीय लोगों ने पहले भी खतरे की आशंका जताई थी, लेकिन सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए थे।

आदिवासी विश्राम भवन का निर्माण अधूरा

जगदलपुर। शहर में आदिवासी विश्राम भवन का निर्माण पिछले दो वर्षों से अधूरा पड़ा है। करीब 4 करोड़ रुपए की स्वीकृति के बाद निर्माण शुरू हुआ था, लेकिन सरकार बदलने के बाद बजट रुक गया।

संभागभर से आने वाले आदिवासी परिवारों को ठहरने में परेशानी हो रही है। समाज के लोगों ने कई बार बजट जारी करने की मांग की, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।

युवा मोर्चा में संगठन विस्तार

बस्तर। भारतीय जनता युवा मोर्चा ने बस्तर जिले के 13 मंडलों में नए मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति की है। जगदलपुर, बकावंड, तोकापाल और दरभा सहित विभिन्न क्षेत्रों में नए चेहरों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

संगठन ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पकड़ मजबूत करने के लिए युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने की रणनीति अपनाई है। आगामी चुनावों को देखते हुए इसे संगठन विस्तार की बड़ी तैयारी माना जा रहा है।