बीजापुर/बस्तर। बस्तर संभाग में आस्था, सुरक्षा, प्रशासनिक लापरवाही और नशे के खिलाफ कार्रवाई से जुड़ी कई बड़ी खबरें सामने आई हैं। एक ओर भगवान वेंकटेश्वर स्वामी भव्य नगर भ्रमण पर निकले, तो दूसरी ओर गणतंत्र दिवस पर थाना परिसर में उल्टा फहराया गया राष्ट्रध्वज विवाद का कारण बन गया। वहीं ओडिशा से रायपुर गांजा ले जा रही महिला तस्कर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
🌙 नक्सली दहशत में तर्रेम गांव, रात में घर छोड़ने को मजबूर ग्रामीण
बीजापुर और सुकमा जिले की सीमा से लगे तर्रेम गांव में विकास के दावे जमीन पर दम तोड़ते नजर आ रहे हैं। सड़क, बिजली, पानी और सुरक्षा कैंप होने के बावजूद ग्रामीण रात अपने घरों में नहीं बिता पा रहे।
शाम ढलते ही 18 से 20 ग्रामीण गांव छोड़कर थाना परिसर के सामने सरकारी आवासों में शरण लेते हैं। डोडीपारा, डुमनपारा और सरपंचपारा के लोग अब भी नक्सली दहशत में जी रहे हैं। अगस्त 2025 में अतिथि शिक्षक की हत्या के बाद हालात और बिगड़ गए। ग्रामीणों का आरोप है कि रात में नक्सली गांव पहुंचकर युवाओं और जनप्रतिनिधियों की तलाश करते हैं।
पुलिस मानती है कि घटनाओं में कमी आई है, लेकिन ग्रामीणों के लिए रात आज भी डर का दूसरा नाम बनी हुई है।
थाना परिसर में उल्टा फहराया गया राष्ट्रध्वज, पुलिस पर उठे सवाल
गणतंत्र दिवस पर करपावंड थाना पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गया, जब थाना परिसर में राष्ट्रध्वज उल्टा फहराया गया और घंटों तक किसी ने सुध नहीं ली।
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना है कि यह केवल चूक नहीं बल्कि जिम्मेदारी से पलायन है। आरोप है कि थाना क्षेत्र में जुआ, अवैध शराब और नशे का कारोबार भी खुलकर चलता है और अब तिरंगे के अपमान ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
लोग पूछ रहे हैं कि गणतंत्र दिवस जैसे पावन अवसर पर हुई इस लापरवाही पर क्या जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी?
🙏 भगवान वेंकटेश्वर स्वामी नौ विशेष वाहनों में नगर भ्रमण पर निकले
बस्तर में श्री बालाजी मंदिर के रजत जयंती महोत्सव के अवसर पर भगवान वेंकटेश्वर स्वामी का भव्य नगर भ्रमण निकाला गया। भगवान नौ विशेष सजे वाहनों में विराजमान होकर शहर भ्रमण पर निकले।
आंध्र प्रदेश से मंगाए गए सुगंधित फूलों से सजे रथ श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने। विशाखापटनम के कलाकारों ने दशावतार और अष्टलक्ष्मी की झांकियां प्रस्तुत कीं। कुचीपुड़ी नृत्य, डांडिया और लोकनृत्यों से शहर भक्तिमय हो गया।
महिलाओं की कलश यात्रा में 2000 से अधिक लक्ष्मी कलश शामिल हुए। शहरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया। 29 जनवरी को स्वर्ण कलश से अभिषेक विशेष आकर्षण रहेगा।
🚨 ओडिशा से रायपुर गांजा ले जा रही महिला तस्कर गिरफ्तार
गणतंत्र दिवस के दिन नगरनार पुलिस ने नशे के नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए ओडिशा से रायपुर गांजा ले जा रही महिला तस्कर को गिरफ्तार किया।
एनएच-63 पर बस का इंतजार कर रही महिला पर पुलिस की नजर पड़ी। तलाशी लेने पर बैग से 4.667 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 2.33 लाख रुपये आंकी गई।
आरोपी की पहचान सुमन पाल, निवासी कानपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने दो मोबाइल और नकद राशि भी जब्त की है। महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने कहा कि सीमा क्षेत्रों में निगरानी और सख्त की जाएगी।
🌾 सुकमा में जश्न के बीच किसानों का संघर्ष, धान खरीदी पर अनशन
जहां एक ओर गणतंत्र दिवस पर सुकमा उत्सव में डूबा था, वहीं जिला पंचायत उपाध्यक्ष महेश कुंजाम किसानों की समस्याओं को लेकर अनशन पर बैठे रहे।
धान खरीदी में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए उन्होंने बताया कि हजारों किसानों को अब तक टोकन नहीं मिला है और कई पंजीकृत किसानों के नाम खरीदी सूची से गायब हैं।
तीन प्रमुख मांगें रखी गईं —
✔ संपूर्ण धान खरीदी
✔ तत्काल टोकन जारी करना
✔ तौल में कटौती पर रोक
किसानों ने विरोध स्वरूप मुख्य समारोह से दूरी बनाए रखी।





