March 5, 2026

Bastar News Update: खनिज सर्वे पर ग्रामीणों का विरोध, अंधविश्वास ने ली जान, मंदिर चोरी से हड़कंप


खनिज परीक्षण पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

सुकमा। थाना पुष्पाल क्षेत्र के ग्राम पंचायत चितलनार में खनिज परीक्षण को लेकर विरोध खुलकर सामने आया है। दो दर्जन से अधिक गांवों के ग्रामीण बैठक में पहुंचे और पहाड़ियों में चल रहे खनिज सर्वे पर आपत्ति जताई।

ग्रामीणों का कहना है कि खनिज खोज के नाम पर भविष्य में निजीकरण का रास्ता खुलेगा, जिससे जंगल, जल-जमीन और आदिवासी आजीविका पर सीधा खतरा पैदा होगा।

बैठक में पूर्व विधायक मनीष कुंजाम ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि खनिजों के बहाने पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने की साजिश हो रही है। ग्रामीणों ने साफ किया कि ग्रामसभा की अनुमति बिना कोई परीक्षण स्वीकार नहीं होगा। कलेक्टर सुकमा को शिकायत सौंपकर खुदाई पर रोक की मांग की गई है।


अंधविश्वास ने ली एक और जान

दंतेवाड़ा। भांसी थाना क्षेत्र के मसेनार गांव में अंधविश्वास के चलते युवक की हत्या कर दी गई। जादू-टोना के शक में हुए विवाद के बाद आरोपी ने लकड़ी के खोटले से सिर पर हमला किया, जिससे मुरहा अतरा की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद फरार आरोपी को पुलिस ने 29 जनवरी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर हथियार जब्त किया गया और उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने ग्रामीणों से अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।


ठेकेदार की लापरवाही से जनता परेशान

जगदलपुर। नगर निगम क्षेत्र के अंबेडकर वार्ड में सीसी रोड निर्माण के नाम पर सड़क पर रेत-गिट्टी डालकर छोड़ दिया गया है। पिछले 15 दिनों से रास्ता बंद है और करीब 500 परिवारों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

मलबा नालियों में गिरने से जल निकासी भी बाधित हो गई है। लोगों ने ठेकेदार पर जुर्माना लगाने और तुरंत काम शुरू करने की मांग की है। पार्षद ने सोमवार से काम शुरू होने का आश्वासन दिया है।


मां दंतेश्वरी मंदिर चोरी से सुरक्षा पर सवाल

जगदलपुर। मां दंतेश्वरी मंदिर चोरी की घटना को पांच दिन बीत चुके हैं, लेकिन आरोपी अब तक नहीं पकड़ा गया है। जांच में सामने आया कि घटना के समय सुरक्षा गार्ड मौजूद नहीं था।

पुलिस ने 9 विशेष टीमें बनाई हैं और आरोपी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। साइबर सेल और फॉरेंसिक टीम भी जांच में लगी है। श्रद्धालुओं में पुलिस व्यवस्था को लेकर नाराजगी है।


बालाजी रजत महोत्सव में डूबा जगदलपुर

जगदलपुर। भगवान बालाजी का रजत महोत्सव श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। चौथे दिन 1008 कलशों से महा-अभिषेक और श्रीनिवास कल्याणम् का आयोजन हुआ।

बाजे-गाजे के साथ प्रभु की बारात निकली और पूरा शहर भक्तिमय माहौल में नजर आया। आज महिलाओं के लिए विशेष कुमकुम पूजा होगी।


सड़क नहीं तो खदान बंद करने की चेतावनी

बस्तर। मुरतोण्डा पंचायत के ग्रामीणों ने सड़क निर्माण नहीं होने पर गिट्टी खदान बंद करने की चेतावनी दी है।

करीब 3 किमी मार्ग स्कूल, अस्पताल और राशन दुकान तक पहुंचने का एकमात्र रास्ता है, जिसकी हालत बेहद खराब है। ग्रामीणों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर जल्द काम शुरू करने की मांग की है।


NH-30 पर बड़ा हादसा टला

जगदलपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर दो ट्रकों की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा दहीकोंगा के पास हुआ। तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मारी।

गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात बहाल कराया और चालकों से सावधानी बरतने की अपील की।


नक्सल पीड़ित आज भी न्याय के इंतजार में

सुकमा। सलवा जुडूम के दौरान घायल हुए नक्सल पीड़ितों ने प्रशासन से फिर गुहार लगाई है। 2006 विस्फोट में घायल 27 ग्रामीणों को अब तक कोई मुआवजा नहीं मिला।

पीड़ितों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर आर्थिक सहायता और नौकरी की मांग की है। उनका कहना है कि इलाज और परिवार चलाना मुश्किल हो गया है।