बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में इंजीनियरिंग छात्रा की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से जा टकराई। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शादी समारोह से लौटते समय हुआ हादसा
घटना दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र की है। मृतका की पहचान शारदा पाटिल (21 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बिलासपुर में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थी। वह अपने बुआ की शादी में शामिल होने के लिए घर आई हुई थी।
जानकारी के अनुसार, डौंडी नगर के बंधियापारा निवासी रंजीत सिंह पाटिल अपने परिवार के साथ चिपरा गांव में आयोजित चौथिया कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। इसी दौरान हिंदू होटल के पास उनकी स्विफ्ट कार (CG 07 BM 1040) अचानक अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गई।
एक की मौत, पांच का इलाज जारी
हादसा इतना भीषण था कि शारदा पाटिल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
जांच में जुटी पुलिस
दल्लीराजहरा पुलिस ने घटना का मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है।





