धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अर्जुनी थाना क्षेत्र के धौराभाठा गांव में छापेमारी के दौरान पुलिस ने 53 पेटी देसी शराब बरामद की, जिसकी कीमत करीब ₹2.25 लाख आंकी गई है। इसे जिले में अब तक की सबसे बड़ी शराब जब्ती की कार्रवाई माना जा रहा है।
एसपी भावना पांडेय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी खिलावन और कमलेश अपने घर में भारी मात्रा में अवैध शराब छिपाकर रखे हुए थे और उसे खपाने की फिराक में थे। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गांव के एक मकान में बड़ी संख्या में देसी शराब की पेटियां जमा की गई हैं।
सूचना मिलते ही अर्जुनी थाना पुलिस ने तत्काल मकान पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर के भीतर से 53 पेटी देसी शराब बरामद हुई। शराब जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
बड़े नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब कहां से लाई गई और इसकी सप्लाई किन-किन क्षेत्रों में की जानी थी। शुरुआती जांच में इस अवैध कारोबार के पीछे किसी बड़े नेटवर्क या सिंडिकेट के सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है।
एसपी भावना पांडेय ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर सख्ती से अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।





