September 4, 2026

Bastar News Update: महंगा हुआ बांस, तेंदुआ दिखने से बढ़ी चिंता; 6 शिकारी गिरफ्तार, बारिश से सड़कें बेहाल

महंगे कच्चे माल से बस्तर की बांस कला पर संकट

जगदलपुर। बस्तर की पारंपरिक बांस कला देश-दुनिया में अपनी अलग पहचान रखती है, लेकिन कच्चे माल की बढ़ती कीमत और सरकारी आपूर्ति में कमी से शिल्पी परेशान हैं। शिल्पियों का कहना है कि करीब दस साल पहले 20 से 25 रुपये में मिलने वाला बांस अब 100 रुपये में भी आसानी से उपलब्ध नहीं है।

कच्चे बांस के लिए शिल्पियों को कुरंदी, कुलगांव, जाटम, पोडागुड़ा, पुषपाल और मुरमा जैसे आसपास के गांवों का रुख करना पड़ रहा है। परिवहन समेत एक बांस की कीमत करीब 500 रुपये तक पहुंचने की बात कही जा रही है। इससे टोकरी, सजावटी सामान और अन्य बांस उत्पादों की लागत बढ़ गई है।

शिल्पियों के मुताबिक वन विभाग से नियमित आपूर्ति नहीं होने और रियायती दर पर बांस मिलने की व्यवस्था लंबे समय से बंद होने के कारण परेशानी बढ़ी है। उन्होंने वन मंत्री से हस्तक्षेप कर सस्ता और व्यवस्थित कच्चा माल उपलब्ध कराने की मांग की है।

खनन क्षेत्र में दिखा तेंदुआ, वन्यजीवों की सुरक्षा बनी चुनौती

कांकेर। जिले के अंजरेल क्षेत्र में खनन गतिविधियों के बीच तेंदुआ दिखाई देने से वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। खनन क्षेत्र में काम कर रहे एक कर्मचारी ने तेंदुए को देखा और सुरक्षित दूरी से उसकी तस्वीर कैमरे में कैद की।

अंजरेल रावघाट लौह अयस्क परियोजना के डिपॉजिट-एफ क्षेत्र में मशीनों, भारी वाहनों और कर्मचारियों की लगातार आवाजाही रहती है। ऐसे सक्रिय खनन क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी आसपास के जंगलों में उसके आवागमन का संकेत मानी जा रही है।

वन्यजीव विशेषज्ञों के मुताबिक तेंदुए के करीब जाने या उसका पीछा करने के बजाय सुरक्षित दूरी बनाए रखना जरूरी है। तेंदुआ दिखाई देने पर भीड़ जुटाने या उसका रास्ता रोकने के बजाय वन विभाग को सूचना देने की सलाह दी गई है।

छात्रवृत्ति परीक्षा से पहले 6,654 विद्यार्थियों ने दिया मॉक टेस्ट

जगदलपुर। राष्ट्रीय साधन-सह-प्रवीण छात्रवृत्ति परीक्षा की तैयारी के लिए बस्तर जिले में बड़े स्तर पर मॉक टेस्ट आयोजित किया गया। समग्र शिक्षा की पहल पर जिले के 111 परीक्षा केंद्रों में 6,654 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी।

बस्तर विकासखंड में सबसे अधिक 1,603 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। बकावंड में 1,350, जगदलपुर में 1,031, लोहंडीगुड़ा में 850, तोकापाल में 849, दरभा में 636 और बास्तानार में 335 विद्यार्थियों ने मॉक टेस्ट दिया।

परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों ने समय प्रबंधन और प्रश्न हल करने की गति परखी। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मॉक टेस्ट से विद्यार्थियों को अपनी कमजोरियों को पहचानने और मुख्य परीक्षा से पहले तैयारी बेहतर करने में मदद मिलेगी।

नीलगाय के शिकार के मामले में 6 आरोपी गिरफ्तार

बीजापुर। इंद्रावती टाइगर रिजर्व में वन्यजीव शिकार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वन विभाग ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

वन विभाग के अनुसार, 19 अगस्त को कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से वन्यप्राणी का मांस बरामद हुआ, जिसे संभावित रूप से नीलगाय का बताया गया है। शिकार में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री भी बरामद की गई है।

मानसून के दौरान लगातार बारिश और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद वन विभाग की गश्त जारी है। विभाग ने ग्रामीणों से वन्यजीव शिकार या अन्य वन अपराधों की जानकारी तत्काल देने की अपील की है।

बारिश ने खोली सड़क की पोल, नारायणपुर-अंतागढ़ मार्ग बदहाल

नारायणपुर। बारिश के बाद नारायणपुर-अंतागढ़ मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है। कई जगह पानी भरने के कारण सड़क के गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे हैं और सड़क की सतह कीचड़ में बदल गई है।

भारी वाहनों की आवाजाही से सड़क पर दबाव बढ़ रहा है। छोटे वाहन चालक फिसलन और गड्ढों के बीच मुश्किल से सफर कर रहे हैं। सड़क खराब होने से बस सेवा भी प्रभावित हुई है।

ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग कई गांवों को मुख्यालय से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क है। मरीजों, गर्भवती महिलाओं, विद्यार्थियों और रोजाना आने-जाने वाले लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। ग्रामीण अब अस्थायी मरम्मत के बजाय सड़क के स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।

ब्लैक फिल्म पर पुलिस का एक्शन, 50 वाहनों से मौके पर हटाई फिल्म

जगदलपुर। शहर में यातायात नियमों के पालन को लेकर पुलिस ने वाहनों के शीशों पर लगी ब्लैक फिल्म के खिलाफ अभियान चलाया। सिटी कोतवाली और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने अलग-अलग स्थानों पर वाहनों की जांच की।

जांच के दौरान नियमों के विपरीत ब्लैक फिल्म लगाए करीब 50 वाहन पकड़े गए। पुलिस ने मौके पर ही वाहनों के शीशों से ब्लैक फिल्म हटवाई। वाहन चालकों को निर्धारित मानकों के अनुसार ही शीशों का इस्तेमाल करने की समझाइश दी गई।

पुलिस ने चेतावनी दी है कि आगामी जांच में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर चालानी कार्रवाई की जाएगी। एसपी चंद्र मोहन सिंह के निर्देशन में चलाया गया यह अभियान आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा।