बस्तर। बस्तर संभाग से आज कई अहम खबरें सामने आई हैं। विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा उत्सव की औपचारिक शुरुआत पारंपरिक पाट जात्रा पूजा के साथ हो गई है। वहीं करकापाल में बढ़ती आबादी के बीच कचरा प्रबंधन चुनौती बनता जा रहा है। बस्तर में प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री के मामले में गिरफ्तारी, नारायणपुर में विस्फोटक सप्लाई केस में तीन दोषियों को सजा, बचेली में मशीनों में आगजनी और बेड़मापारा में ग्रामीणों द्वारा सड़क निर्माण जैसे मामले भी चर्चा में हैं।
बस्तर दशहरा की पहली रस्म ‘पाट जात्रा’ संपन्न
बस्तर। विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा की तैयारियां मुख्य आयोजन से करीब 75 दिन पहले शुरू हो गई हैं। हरेली अमावस्या के अवसर पर पाट जात्रा पूजा विधान के साथ पर्व की औपचारिक शुरुआत हुई।
दंतेश्वरी मंदिर के सामने माचकोट के जंगल से लाई गई साल की लकड़ी की पूजा की गई। इसे दूरलू खोटला और टीका पाटा कहा जाता है। परंपरा के अनुसार इसी लकड़ी को रथ निर्माण की पहली लकड़ी माना जाता है।
पूजा के बाद पारंपरिक रूप से बलि की रस्म भी निभाई गई। पाट जात्रा में मांझी-चालकी, पुजारी, पटेल, नाईक-पाईक सहित बड़ी संख्या में सेवादार मौजूद रहे।
नारायणपुर विस्फोटक सप्लाई केस में तीन दोषी
नारायणपुर। नक्सली नेटवर्क तक विस्फोटक सामग्री पहुंचाने के मामले में विशेष अदालत ने चमेली बाई, रवि मरकाम उर्फ सुशील और कोसरू वड्डे को दोषी ठहराया है।
मामले में आरोपियों के कब्जे से चार डेटोनेटर, सात बोरी पोटेशियम नाइट्रेट, सात मीटर कॉर्डेक्स वायर और मोबाइल फोन बरामद किए गए थे।
अदालत ने विभिन्न धाराओं में तीनों दोषियों को सात वर्ष तक के सश्रम कारावास और अर्थदंड की सजा सुनाई है। सभी सजाएं एक साथ चलेंगी।
करकापाल में बढ़ती आबादी के बीच कचरा बना परेशानी
बस्तर। करकापाल इलाके में आबादी बढ़ने के साथ कचरा प्रबंधन की समस्या भी गंभीर होती जा रही है। हाटकचोरा से अवंतिका कॉलोनी तक सड़क चौड़ी होने के बाद क्षेत्र में आवाजाही बढ़ी है और इलाका तेजी से विकसित हो रहा है।
सुरक्षा कारणों से हवाई पट्टी के पीछे कचरा फेंकने और जलाने पर रोक है। इसके बावजूद कुछ लोगों द्वारा रात के समय सड़क किनारे कचरा डाले जाने की शिकायत सामने आई है। सती माता मंदिर मार्ग पर भी कचरा फेंके जाने की शिकायतें मिली हैं।
स्थानीय लोगों ने नियमित निगरानी बढ़ाने और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
82 प्रतिबंधित कैप्सूल के साथ आरोपी गिरफ्तार
बस्तर। प्रतिबंधित नशीली दवाओं की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भाटपाल चौक के पास एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से पाइवॉन स्पास प्लस की 82 कैप्सूल, एक एंड्रॉयड मोबाइल और 100 रुपये नकद बरामद हुए।
जब्त दवाओं की कीमत करीब 816 रुपये बताई गई है। आरोपी की पहचान 48 वर्षीय जयराम विश्वकर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने NDPS एक्ट की धारा 21(बी) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
बचेली में मशीनों में आगजनी, CCTV खराब होने से बढ़ी चिंता
दंतेवाड़ा। बचेली में 11 अगस्त की रात कल्पतरु कंपनी के साइट पर खड़ी एक एक्सकेवेटर और क्रेन के इंजन में आग लगा दी गई। सुरक्षा गार्डों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया।
साइट का CCTV कैमरा खराब बताया जा रहा है, जिसके कारण आरोपियों की पहचान में परेशानी आ सकती है। पुलिस फिलहाल घटना को नक्सली वारदात नहीं मान रही है। पूर्व में हुई आगजनी की घटनाओं को भी जांच के दायरे में रखा गया है।
तीन पीढ़ियों से सड़क का इंतजार, ग्रामीणों ने खुद शुरू किया निर्माण
नारायणपुर। पंचायत आंवरी के आश्रित ग्राम बेड़मापारा के ग्रामीण करीब तीन पीढ़ियों से सड़क की समस्या से जूझ रहे हैं। बार-बार मांग के बावजूद स्थायी समाधान नहीं मिलने के बाद ग्रामीणों ने खुद फावड़े और ट्रैक्टर जुटाकर श्रमदान से रास्ते को सुधारने का काम शुरू कर दिया है।
बारिश के दिनों में सड़क कीचड़ में बदल जाने से स्कूली बच्चों और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पक्की सड़क, पुल और पेयजल समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।





