July 30, 2026

Bastar News Update: भाजपा का संगठनात्मक फेरबदल, खुले में पेट्रोल-डीजल बिक्री पर रोक, गांजा तस्करी का भंडाफोड़

जगदलपुर: भाजपा ने बदले विधानसभा प्रभारी

भारतीय जनता पार्टी ने बस्तर संभाग में संगठनात्मक बदलाव करते हुए विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के लिए नए प्रभारियों की नियुक्ति की है। पूर्व सांसद दिनेश कश्यप को बीजापुर विधानसभा, श्रीनिवास राव मद्दी को बस्तर विधानसभा का प्रभारी बनाया गया है। वहीं श्रीनिवास मिश्रा को सहप्रभारी और रूपसिंह मंडावी को कोंटा विधानसभा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

दंतेवाड़ा: खुले में पेट्रोल-डीजल बिक्री पर प्रतिबंध

पश्चिम एशिया में उत्पन्न हालात को देखते हुए राज्य सरकार ने पेट्रोल और डीजल की खुले बर्तनों में बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। अब ईंधन केवल वाहनों की टंकियों में ही दिया जाएगा। नियम उल्लंघन करने वाले पेट्रोल पंप संचालकों पर सख्त कार्रवाई होगी।

किसानों और जरूरी सेवाओं को मिलेगी छूट

कृषकों, अस्पतालों, मोबाइल टावरों तथा कलेक्टर द्वारा चिन्हित सरकारी निर्माण कार्यों को विशेष अनुमति के आधार पर ड्रम या केन में ईंधन उपलब्ध कराया जा सकेगा। इसके लिए संबंधित एसडीएम की जांच और प्रशासनिक स्वीकृति आवश्यक होगी।

सुकमा: अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश

सुकमा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10.983 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 5.49 लाख रुपये बताई गई है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी गांजे की खेप रायपुर ले जाकर बेचते थे। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण के निर्देशन में की गई।

दंतेवाड़ा: कोदो-कुटकी और मड़िया बन रहे सुपर फूड

रागी (मड़िया), कोदो और कुटकी जैसे मोटे अनाज स्वास्थ्यवर्धक गुणों के कारण तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। ये कैल्शियम, आयरन और फाइबर से भरपूर होते हैं तथा वजन नियंत्रण और ब्लड शुगर संतुलन में मददगार माने जाते हैं।

कृषि विभाग के प्रोत्साहन और बढ़े समर्थन मूल्य के चलते दंतेवाड़ा जिले में मिलेट खेती का रकबा बढ़ा है। ग्राम पोटाली और नहाड़ी के किसानों ने कोदो-कुटकी की खेती से बेहतर आय अर्जित की है।

बस्तर: 1147 मोतियाबिंद ऑपरेशन कर डिमरापाल मेडिकल कॉलेज ने बनाया रिकॉर्ड

बस्तर संभाग के डिमरापाल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ने नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पिछले एक वर्ष में यहां 1147 मोतियाबिंद मरीजों का सफल ऑपरेशन किया गया है।

इस सुविधा का लाभ बस्तर के साथ-साथ दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर और पड़ोसी ओडिशा के मरीजों को भी मिला है। अस्पताल में आधुनिक बिना टांके वाली तकनीक से ऑपरेशन किए जा रहे हैं, जिससे मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध हो रहा है।