September 4, 2026

Bastar News Update: दलपत सागर की सफाई पर खर्च होंगे 50 लाख, सुकमा में खुलेंगे 6 नए धान खरीदी केंद्र; छात्रावासों की सुविधाओं पर सख्ती

दलपत सागर की सफाई पर खर्च होंगे 50 लाख

जगदलपुर। ऐतिहासिक दलपत सागर से जलकुंभी हटाने के लिए एक बार फिर बड़ा सफाई अभियान शुरू होने जा रहा है। नगर निगम और एनएमडीसी के बीच हुए समझौते के तहत सीएसआर मद से सफाई अभियान पर कुल 50 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। पहले चरण के लिए 20 लाख रुपये जारी भी हो चुके हैं।

मशीनों और आधुनिक संसाधनों की मदद से जलकुंभी हटाई जाएगी। हालांकि, शहरवासियों का कहना है कि केवल सफाई से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। पहले भी कई बार अभियान चलने के बाद जलकुंभी दोबारा फैल चुकी है। ऐसे में जलकुंभी बढ़ने के कारणों का समाधान और नियमित निगरानी जरूरी है।

केंद्रीय जेल में महिला बंदियों की सुविधाओं का निरीक्षण

जगदलपुर। केंद्रीय जेल जगदलपुर में राज्य महिला आयोग की सदस्य दीपिका शोरी ने महिला बंदियों की सुविधाओं और समस्याओं का जायजा लिया। उन्होंने 138 महिला बंदियों से भोजन, स्वास्थ्य और स्वच्छता को लेकर सीधे संवाद किया। इनमें 88 महिला बंदी नक्सल प्रकरणों से संबंधित बताई गई हैं।

बंदियों ने साबुन सहित दैनिक उपयोग की सामग्री उपलब्ध कराने के साथ सिलाई-कढ़ाई, हस्तशिल्प, खाद्य प्रसंस्करण और ब्यूटी प्रशिक्षण शुरू कराने की मांग रखी। आयोग सदस्य ने जेल प्रशासन से व्यवस्थाओं में सुधार को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि सुधारगृह का उद्देश्य सजा के साथ बंदियों को आत्मनिर्भर बनाना भी है।

सुकमा में खुलेंगे 6 नए धान खरीदी केंद्र

सुकमा। किसानों को धान बेचने के लिए लंबी दूरी तय न करनी पड़े, इसके लिए जिले में छह नए धान खरीदी केंद्र खोलने की घोषणा की गई है। बुड़दी, बड़ेशेट्टी, हमीरगढ़, गोरली, भेज्जी और चिंतलनार में नए केंद्र प्रस्तावित हैं।

इन केंद्रों से आसपास के गांवों के किसानों को सीधे लाभ मिलेगा और धान के परिवहन में लगने वाला समय व खर्च कम होने की उम्मीद है। किसानों की मांग पर विधायक कवासी लखमा ने खाद्य मंत्री के समक्ष खरीदी केंद्र बढ़ाने का मुद्दा उठाया था।

छात्रावासों में सुविधाओं की होगी सीधी निगरानी

नारायणपुर। आवासीय विद्यालयों, पोटाकेबिन और छात्रावासों में बच्चों की सुविधाओं को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर अमित कुमार ने व्यवस्थाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को तय समय में सुधार के निर्देश दिए हैं।

पोटाकेबिन और आरएमएसए के लिए 15 दिन तथा आश्रम-छात्रावासों के लिए 20 दिन की समय-सीमा तय की गई है। हर छात्र का हेल्थ कार्ड तैयार होगा। भोजन, पानी और साफ-सफाई की जिम्मेदारी अधीक्षकों व प्रभारियों को व्यक्तिगत रूप से निभानी होगी। मेस में खाद्य सामग्री के लिए एयरटाइट कंटेनर, खिड़कियों पर मॉस्किटो नेट और परिसर में हैंडवॉश एरिया की व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत वाले केंद्रों में डिजिटल शिक्षा के लिए कम से कम पांच नए कंप्यूटर लगाने की तैयारी भी है।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

नारायणपुर। जिला मुख्यालय में संचालित कोचिंग, लाइब्रेरी और जिम का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने छात्रों की उपस्थिति, पढ़ाई के माहौल और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए नई और उपयोगी पुस्तकों की उपलब्धता बढ़ाने के साथ जिम में आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। प्रशासन का उद्देश्य ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अपने ही जिले में बेहतर तैयारी का माहौल उपलब्ध कराना है।

बूथ स्तर तक कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की तैयारी

जगदलपुर। कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का समापन हो गया। शिविर में कार्यकर्ताओं को संगठन के साथ राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक मुद्दों पर प्रशिक्षण दिया गया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि अब संगठन की गतिविधियों को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा। ब्लॉक अध्यक्षों को गांव-गांव पहुंचकर कार्यकर्ताओं और आम लोगों से संवाद करने की जिम्मेदारी दी गई है। कांग्रेस ने 4 सितंबर को चीनी सत्याग्रह का ऐलान भी किया है।

केंद्रीय विश्वविद्यालय की मांग फिर उठी

जगदलपुर। बस्तर में केंद्रीय विश्वविद्यालय की मांग एक बार फिर चर्चा में है। क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है। केंद्रीय विश्वविद्यालय बनने से स्थानीय छात्रों को उच्च शिक्षा और शोध के बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद है।

जनजातीय संस्कृति, लोकभाषा, जैव विविधता, पारंपरिक ज्ञान, वन आधारित अर्थव्यवस्था और स्थानीय कृषि पद्धतियों पर शोध की व्यापक संभावनाएं बताई जा रही हैं। शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा देने की मांग भी समय-समय पर उठती रही है।

4 सितंबर को जन्माष्टमी, बनेंगे कई ज्योतिषीय संयोग

जगदलपुर। इस वर्ष श्रीकृष्ण जन्माष्टमी 4 सितंबर को मनाई जाएगी। पर्व को लेकर मंदिरों और कृष्ण भक्तों में तैयारियां शुरू हो गई हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस बार जन्माष्टमी पर अष्टमी तिथि, रोहिणी नक्षत्र और वृष राशि में चंद्रमा की स्थिति के साथ हर्षण योग का संयोग रहेगा।

रोहिणी नक्षत्र और शुक्रवार के संयोग को जयंती योग से जोड़कर देखा जा रहा है। मान्यता है कि इस संयोग में व्रत और मध्यरात्रि पूजन का विशेष महत्व होता है।