July 29, 2026

रायगढ़ के मां शिवा प्लांट में बड़ा हादसा, इंडक्शन फर्नेस की उफान से 5 श्रमिक झुलसे; दो रायपुर रेफर

रायगढ़। जिले के औद्योगिक क्षेत्र पूंजीपथरा स्थित मां शिवा प्लांट में बुधवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। प्लांट के इंडक्शन फर्नेस में अचानक तकनीकी गड़बड़ी के कारण तेज उफान (बॉयलिंग) की स्थिति बन गई, जिसकी चपेट में आने से पांच श्रमिक झुलस गए। हादसे के बाद प्लांट परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना सुबह करीब 7 बजे की है। इंडक्शन फर्नेस में काम कर रहे श्रमिक अचानक हुई घटना की चपेट में आ गए। हादसे में घायल श्रमिकों की पहचान प्रमोद सोनी, चौखट सिंह, शनि सिंह, चतुर यादव और गुड्डू यादव के रूप में हुई है।

सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए रायगढ़ के ओपी फोर्टिस हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि गंभीर रूप से झुलसे चौखट सिंह और प्रमोद सोनी की हालत चिंताजनक होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। वहीं अन्य तीन श्रमिकों का उपचार रायगढ़ में ही चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पूंजीपथरा थाना पुलिस और संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

फिलहाल प्रशासन और प्लांट प्रबंधन की ओर से घायलों के इलाज और औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जाएगी और लापरवाही सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।