July 31, 2026

14.56 करोड़ बैंक घोटाले का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, तमिलनाडु से दबोचा गया तत्कालीन बैंक मैनेजर

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में इंडियन ओवरसीज बैंक की गस्ती चौक शाखा में हुए 14.56 करोड़ रुपये के बहुचर्चित बैंक घोटाले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी और तत्कालीन बैंक प्रबंधक विनीत दास को तमिलनाडु के तंजावुर से गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि यह मामला वर्ष 2022 का है। बैंक के नए शाखा प्रबंधक रज्जू पाटनवार की शिकायत और आंतरिक जांच के बाद आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं (पूर्व में आईपीसी की धारा 420, 409 और 120बी) के तहत अपराध दर्ज किया गया था।

जांच में सामने आया कि आरोपी बैंक प्रबंधक ने बिचौलियों के साथ मिलकर बंद पड़े व्यवसायों के नाम पर, बिना संपत्ति की गारंटी, फर्जी जीएसटी नंबर और जाली हस्ताक्षरों के जरिए 180 बैंक खातों में वित्तीय अनियमितताएं कीं। इस पूरी साजिश के जरिए बैंक को 14.56 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाया गया।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में शामिल चार बिचौलियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इनमें कमलेश सिन्हा (बेमेतरा), जोहन सिन्हा (केवांछी), टीकाराम माथुर (बिरमपुर) और नागेश कुमार वर्मा (केवांछी) शामिल हैं।

मुख्य आरोपी विनीत दास को तमिलनाडु से ट्रांजिट रिमांड पर बेमेतरा लाया गया है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर घोटाले से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।