जगदलपुर। बस्तर संभाग से शनिवार की प्रमुख खबरों में दंतेवाड़ा की करोड़ों रुपये की सोलर सिंचाई योजना बंद होने से किसान परेशान हैं। वहीं जगदलपुर में 619 वर्ष पुरानी अमनिया भोग परंपरा के साथ गोंचा महापर्व की शुरुआत हुई। नगरनार पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। कोंडागांव में सामूहिक दुष्कर्म के दोषियों को सख्त सजा मिली है, जबकि बीजापुर में आईटीबीपी ने ग्रामीणों के सहयोग से 250 फीट लंबा सस्पेंशन ब्रिज बनाकर लोगों को बड़ी राहत दी है।
दंतेवाड़ा: 2.64 करोड़ की सोलर सिंचाई योजना बंद, किसान बारिश के भरोसे
दंतेवाड़ा के बालूद गांव में करीब 2 करोड़ 64 लाख रुपये की लागत से बनी सोलर सिंचाई परियोजना पिछले एक वर्ष से बंद पड़ी है। बाढ़ में पंप हाउस क्षतिग्रस्त होने के बाद अब तक मरम्मत नहीं हो सकी, जिससे 65 किसानों की सिंचाई प्रभावित हो गई है। तकनीशियनों की कमी और रखरखाव में लापरवाही के कारण जिले की अन्य सोलर परियोजनाएं भी प्रभावित हैं। प्रशासन ने संबंधित विभाग को शीघ्र मरम्मत के निर्देश देने की बात कही है।
जगदलपुर: 619 वर्ष पुरानी अमनिया भोग परंपरा के साथ गोंचा महापर्व शुरू
जगदलपुर में गोंचा महापर्व के दौरान भगवान जगन्नाथ को 619 वर्ष पुरानी अमनिया भोग अर्पित करने की परंपरा शुरू हो गई है। रियासतकाल से चली आ रही इस परंपरा में 360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज के 115 से अधिक गांव भाग ले रहे हैं। श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण, सत्यनारायण कथा और धार्मिक अनुष्ठान जारी हैं। यह आयोजन 23 जुलाई तक चलेगा।
जगदलपुर: यूपी भेजी जा रही 12.7 किलो गांजे की खेप जब्त
नगरनार पुलिस ने धनपुंजी फॉरेस्ट नाका के पास कार्रवाई करते हुए 12 किलो 700 ग्राम गांजा जब्त किया है। बरामद गांजे की कीमत करीब 6.35 लाख रुपये बताई गई है। मामले में उत्तर प्रदेश के हरदोई निवासी दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल भेज दिया गया है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।
कोंडागांव: सामूहिक दुष्कर्म के मुख्य आरोपी को उम्रकैद
केशकाल के चर्चित सामूहिक दुष्कर्म मामले में विशेष न्यायालय ने मुख्य आरोपी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। वहीं अन्य चार दोषियों को 20-20 वर्ष के कठोर कारावास और जुर्माने की सजा दी गई है। अदालत ने पीड़िता को 51 हजार रुपये प्रतिकर देने का भी आदेश दिया है। मामला वर्ष 2024 में आंवरी गांव का है।
बीजापुर: आईटीबीपी ने बनाया 250 फीट लंबा सस्पेंशन ब्रिज
बीजापुर के जाटलूर क्षेत्र में आईटीबीपी ने ग्रामीणों के सहयोग से 250 फीट लंबा फुट सस्पेंशन ब्रिज तैयार किया है। इससे बरसात के दौरान ग्रामीणों, विद्यार्थियों और सुरक्षा बलों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। पुल का नाम शहीद अमोल माधव राव महस्के के नाम पर रखा जाएगा। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को साइकिलें वितरित की गईं और ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।





