September 4, 2026

बस्तर में शिक्षा से लेकर बिजली और खेल तक बड़े अपडेट, 10 हजार रिश्वत में BEO गिरफ्तार; विस्थापित परिवारों का 20 साल का इंतजार जारी

बस्तर। संभाग में शिक्षा, बिजली, भ्रष्टाचार, खेल और विस्थापित परिवारों से जुड़े कई अहम मामले सामने आए हैं। शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव तीन दिवसीय बस्तर दौरे पर हैं, वहीं सुकमा में 10 हजार रुपए रिश्वत लेते BEO की गिरफ्तारी हुई है। चित्रकोट में आठ परिवार अब भी बिजली का इंतजार कर रहे हैं, जबकि बीजापुर में 20 साल से पट्टे की मांग कर रहे विस्थापित परिवारों ने प्रदर्शन किया।

शिक्षा मंत्री का बस्तर दौरा, स्कूलों का किया औचक निरीक्षण

बीजापुर/जगदलपुर। बस्तर संभाग की शिक्षा व्यवस्था की जमीनी हकीकत जानने शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव तीन दिवसीय दौरे पर हैं। दौरे की शुरुआत बीजापुर से हुई, जहां उन्होंने आवासीय विद्यालयों की शैक्षणिक और आवासीय व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इसके बाद जगदलपुर पहुंचकर कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय किलेपाल का औचक निरीक्षण किया।

मंत्री ने छात्राओं से सीधे संवाद कर पढ़ाई, भोजन, स्वास्थ्य और विद्यालय की सुविधाओं की जानकारी ली। शिक्षकों की उपलब्धता और शैक्षणिक व्यवस्था को लेकर भी फीडबैक लिया गया। विषय शिक्षकों की कमी की शिकायत पर दिसंबर में होने वाली भर्ती में प्राथमिकता से पदस्थापना का आश्वासन दिया गया।

छात्राओं के लिए आधुनिक बैडमिंटन और बास्केटबॉल कोर्ट बनाने के निर्देश भी दिए गए हैं। मंत्री ने आवासीय विद्यालयों में पौष्टिक भोजन, स्वच्छ वातावरण और स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष जोर दिया। साथ ही ड्रॉपआउट रोकने के निर्देश दिए। तीन दिवसीय दौरे में बस्तर, बीजापुर, सुकमा और दंतेवाड़ा के विद्यालयों का फील्ड निरीक्षण किया जाएगा।

आठ परिवारों के लिए बिजली अब भी सपना

बस्तर। चित्रकोट पंचायत के आश्रित ग्राम खरियागुड़ा पारा में आठ परिवार आज भी बिजली का इंतजार कर रहे हैं। मुख्य सड़क से लगे इस पारे में बिजली नहीं होने से ग्रामीणों को रोजमर्रा की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शाम होते ही बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है और मोबाइल चार्ज कराने के लिए ग्रामीणों को दूसरे पारे तक जाना पड़ता है।

बरसात के दौरान अंधेरे में जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा भी बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। हालांकि बिजली विभाग ने विद्युतीकरण के लिए स्टीमेट तैयार कर डिवीजन कार्यालय भेज दिया है। अब मामला स्वीकृति पर अटका हुआ है।

10 हजार की रिश्वत लेते BEO गिरफ्तार

सुकमा। कोंटा में एंटी करप्शन ब्यूरो ने खंड शिक्षा अधिकारी चंद्र कुमार यारदा को कथित तौर पर 10 हजार रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोप है कि एक शिक्षिका के करीब 16 लाख रुपए के लंबित एरियर्स का बिल आगे बढ़ाने के लिए रिश्वत की मांग की गई थी।

शिकायत के बाद ACB ने मामले का सत्यापन कराया। आरोप सही पाए जाने पर ट्रैप कार्रवाई की गई और रकम लेते हुए BEO को पकड़ लिया गया। कार्रवाई के बाद कार्यालय में हड़कंप मच गया। टीम ने दस्तावेजों और रिकॉर्ड की भी जांच शुरू कर दी है।

बस्तर ओलंपिक से निखरेगी ग्रामीण प्रतिभा

बस्तर। बस्तर ओलंपिक 2026-27 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। संभाग के सातों जिलों—बस्तर, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, बीजापुर, सुकमा और दंतेवाड़ा में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

कुल 11 खेल विधाओं में खिलाड़ियों को प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। पंजीयन 1 से 30 अक्टूबर तक होगा। इसके बाद 1 से 13 नवंबर तक ब्लॉक स्तर, 16 से 25 नवंबर तक जिला स्तर और 7 से 11 दिसंबर तक संभाग स्तर की प्रतियोगिताएं होंगी। आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण और आदिवासी अंचल की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाना है।

20 साल से पट्टे का इंतजार, विस्थापित परिवारों का प्रदर्शन

बीजापुर। वर्ष 2005 में नक्सली हिंसा से विस्थापित होकर बीजापुर पहुंचे परिवार करीब दो दशक बाद भी स्थायी राजस्व पट्टे का इंतजार कर रहे हैं। नाराज परिवारों ने नगर पालिका कार्यालय का घेराव कर अपनी मांग प्रशासन के सामने रखी।

प्रदर्शनकारियों के मुताबिक वे वार्ड 1, 7, 8, 9, 10, 11 और 12 में वर्षों से रह रहे हैं। उनका कहना है कि इसी जमीन पर उनके घर बने और बच्चों का जीवन भी यहीं गुजर गया, लेकिन अब तक स्थायी पट्टा नहीं मिला। परिवारों ने आरोप लगाया कि समय-समय पर मकानों को अवैध कब्जा बताकर कार्रवाई के नोटिस दिए जाते हैं।

प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर पट्टा देने और बेदखली की कार्रवाई रोकने की मांग की गई।