July 23, 2026

Bastar News Update: गोंचा महापर्व की तैयारियां पूरी, लौह अयस्क तस्करी नेटवर्क पर शिकंजा, 16 जुलाई को बस्तर में स्थानीय अवकाश

1. गोंचा महापर्व के लिए तैयार बस्तर, 16 जुलाई को निकलेगी भव्य रथयात्रा

जगदलपुर। बस्तर का ऐतिहासिक गोंचा महापर्व इस वर्ष भी पूरे धार्मिक उल्लास और पारंपरिक वैभव के साथ मनाया जाएगा। 16 जुलाई को भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के 22 विग्रह तीन विशाल रथों पर नगर भ्रमण करेंगे। तुपकी की पारंपरिक सलामी, धार्मिक अनुष्ठान और सांस्कृतिक कार्यक्रम इस आयोजन का मुख्य आकर्षण होंगे। 25 जुलाई तक चलने वाले महापर्व में राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों की भजन संध्या, 21 जुलाई को छप्पन भोग और दस वर्ष बाद 13 दिव्य वेश झांकियों की प्रस्तुति होगी। बुजुर्गों और दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए विशेष सुविधाएं भी की गई हैं।

2. बैलाडीला में लौह अयस्क तस्करी नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई

दंतेवाड़ा। बैलाडीला में अवैध लौह अयस्क तस्करी के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 40 टन लौह अयस्क से भरे 16 चक्का ट्रक को जब्त किया है। जांच में संगठित तस्करी नेटवर्क के संकेत मिले हैं। चालक फरार है, जबकि वाहन मालिक और स्थानीय दलालों की भूमिका जांच के दायरे में है। सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल डाटा के आधार पर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।

3. गोंचा रथयात्रा पर पूरे बस्तर जिले में स्थानीय अवकाश

जगदलपुर। गोंचा रथयात्रा के अवसर पर 16 जुलाई को पूरे बस्तर जिले में स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है। कलेक्टर के आदेश के अनुसार सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे, जबकि कोषालय और उप-कोषालय सामान्य रूप से कार्य करेंगे। प्रशासन ने रथयात्रा के लिए सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

4. पहली बारिश में टूटी 54 लाख की नहर

कोंडागांव। बालूद गांव में 54 लाख रुपये की लागत से बनी नहर पहली ही बारिश में कई जगह से क्षतिग्रस्त हो गई। इससे 85 किसानों की सिंचाई प्रभावित हुई है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में लापरवाही और सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। जल संसाधन विभाग ने जांच के आदेश दिए हैं।

5. मंदिर पहुंचे दुर्लभ पैंगोलिन का सुरक्षित रेस्क्यू

नारायणपुर। मंदिर परिसर में पहुंचे दुर्लभ भारतीय पैंगोलिन का वन विभाग ने सुरक्षित रेस्क्यू कर स्वास्थ्य परीक्षण के बाद जंगल में छोड़ दिया। वन विभाग ने लोगों की जागरूकता की सराहना करते हुए वन्यजीव दिखने पर तुरंत सूचना देने की अपील की है। पैंगोलिन वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की अनुसूची-1 में संरक्षित प्रजाति है।

6. आत्मानंद स्कूल में टॉपर विवाद गहराया

जगदलपुर। स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में परीक्षा परिणाम को लेकर विवाद सामने आया है। अभिभावकों ने आरोप लगाया है कि अतिरिक्त अंक जोड़कर दूसरी छात्रा को टॉपर घोषित किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि अतिरिक्त अंक देने का कोई नियम नहीं है। मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है।

7. बिजली मरम्मत के दौरान ठेका कर्मचारी गंभीर रूप से झुलसा

कोंडागांव। बड़ेडोंगर में बिजली लाइन की मरम्मत के दौरान अचानक करंट आने से एक ठेका कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गया। घायल को रायपुर रेफर किया गया, लेकिन 108 एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंचने से करीब दो घंटे तक इंतजार करना पड़ा। प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।

8. साइबर ठगी में इस्तेमाल हो रहे म्यूल अकाउंट का भंडाफोड़

दंतेवाड़ा। साइबर पुलिस ने दो म्यूल अकाउंट धारकों को गिरफ्तार किया है, जो कमीशन के बदले अपने बैंक खाते साइबर ठगों को उपलब्ध कराते थे। जांच में 5.29 लाख रुपये से अधिक के संदिग्ध लेन-देन का खुलासा हुआ। दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

9. मलेरिया उन्मूलन अभियान निर्णायक चरण में

जगदलपुर। बस्तर में मलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत 228 गांवों में अब तक 53 हजार से अधिक लोगों की जांच की जा चुकी है। केवल 220 संक्रमित मरीज मिले हैं, जिनका मौके पर ही उपचार शुरू किया गया। वर्ष 2019 में जिले का एपीआई 27.83 था, जो अब घटकर 3.03 रह गया है। प्रशासन का लक्ष्य 2027 तक एपीआई शून्य और 2030 तक बस्तर को मलेरिया मुक्त बनाना है।