बस्तर। बस्तर संभाग में शुक्रवार को धर्म, शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन और अपराध से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घटनाएं सामने आईं। एक ओर ऐतिहासिक गोंचा महापर्व की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं, वहीं सुकमा के नक्सल प्रभावित गांव गच्छनपल्ली में दो दशक बाद नए स्कूल भवन का उद्घाटन हुआ। इधर स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती देने के लिए डिमरापाल में अत्याधुनिक कैथलैब की शुरुआत की गई है। पढ़िए बस्तर संभाग की प्रमुख खबरें…
गोंचा महापर्व की तैयारियां अंतिम चरण में
बस्तर की सांस्कृतिक पहचान माने जाने वाले 619 वर्ष पुराने गोंचा महापर्व की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। चंदन यात्रा के साथ पर्व का शुभारंभ हो चुका है। सिरहासार भवन परिसर में करीब 32 फीट ऊंचे विशाल रथ का निर्माण तेजी से चल रहा है। 15 जुलाई को भगवान जगन्नाथ का नेत्रोत्सव और 16 जुलाई को भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं सुभद्रा की भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी। हर वर्ष की तरह इस बार भी देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद है।
गच्छनपल्ली में 20 साल बाद मिला नया स्कूल भवन
सुकमा जिले के नक्सल प्रभावित गच्छनपल्ली गांव में करीब दो दशक बाद नया पक्का स्कूल भवन तैयार हुआ है। सलवा जुडूम के दौर में ध्वस्त हुए स्कूल की जगह अब आधुनिक भवन बनाया गया है। लंबे समय तक बच्चे झोपड़ियों और अस्थायी भवनों में पढ़ाई करने को मजबूर थे। नियद नेल्लानार योजना के तहत गांव में विकास कार्यों को गति मिली है। प्रशासन का मानना है कि नए स्कूल से बच्चों की पढ़ाई और नियमित उपस्थिति में सुधार होगा।
बस्तर में स्वास्थ्य सेवाओं को मिली नई ताकत
डिमरापाल स्थित निजी अस्पताल में अत्याधुनिक कैथलैब शुरू होने से अब हृदय रोगियों को बेहतर इलाज की सुविधा स्थानीय स्तर पर मिल सकेगी। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत स्वास्थ्य सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। साथ ही स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अस्पताल और बड़े आयुर्वेदिक केंद्र की स्थापना की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
पुरी रथयात्रा के लिए जगदलपुर-पुरी स्पेशल ट्रेन
रथयात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने जगदलपुर-पुरी स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन 15 और 23 जुलाई को जगदलपुर से तथा 16 और 24 जुलाई को पुरी से संचालित होगी। ट्रेन कोरापुट, रायगढ़ा, विजयनगरम, श्रीकाकुलम रोड, ब्रह्मपुर और खुर्दा रोड सहित प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। रेलवे ने यात्रियों से समय रहते आरक्षण कराने की अपील की है।
NH-30 पर फिर लगा लंबा जाम
बस्तर की लाइफलाइन माने जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर एक बार फिर यातायात बाधित हो गया। दरभा घाटी के धुरवा डेरा क्षेत्र में दो ट्रेलर फंसने से कई घंटों तक लंबा जाम लगा रहा। पुलिस और क्रेन की मदद से ट्रेलरों को हटाकर यातायात बहाल किया गया। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों ने हाईवे की तत्काल मरम्मत की मांग की है।
शिक्षकों से करोड़ों की ठगी करने वाला गिरोह गिरफ्तार
कोंडागांव पुलिस ने शिक्षकों को एक साथ कई बैंकों से लोन दिलाने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में फर्जी दस्तावेजों और बदले हुए पते के जरिए राष्ट्रीय और निजी बैंकों से करोड़ों रुपये के लोन स्वीकृत कराने का खुलासा हुआ है। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल, लैपटॉप, एटीएम कार्ड, पासबुक सहित कई दस्तावेज जब्त किए गए हैं। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।





