May 18, 2026

Bastar News Update: जगदलपुर में पेट्रोल चोर गिरोह सक्रिय, साइबर ठगी का नया जाल; 631 कछुओं के साथ वन्यजीव तस्करी का खुलासा

जगदलपुर। बस्तर संभाग में इन दिनों अपराध, प्रशासनिक कार्रवाई और सामाजिक पहल से जुड़ी कई अहम घटनाएं सामने आई हैं। जगदलपुर में पेट्रोल चोर गिरोह के आतंक से कॉलोनीवासी परेशान हैं, वहीं साइबर ठग गैस बुकिंग के नाम पर लोगों को निशाना बना रहे हैं। इसके अलावा वन विभाग ने वन्यजीव तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए सैकड़ों कछुए बरामद किए हैं।

जगदलपुर में पेट्रोल चोर गिरोह सक्रिय
जगदलपुर के लालबाग स्थित 440 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में पिछले एक सप्ताह से दुपहिया वाहनों से पेट्रोल चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। चोर रात के समय बेसमेंट में खड़ी मोटरसाइकिलों से पेट्रोल निकालकर फरार हो जाते हैं। 14 मार्च की रात हुई चोरी की घटना कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें तीन युवक बाइक से पेट्रोल निकालते दिखाई दे रहे हैं। कॉलोनीवासियों ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है और रात में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

गैस बुकिंग के नाम पर साइबर ठगी का नया जाल
जगदलपुर समेत कई शहरों में साइबर ठग एलपीजी गैस बुकिंग के नाम पर लोगों को निशाना बना रहे हैं। गूगल और सोशल मीडिया पर फर्जी हेल्पलाइन नंबर और वेबसाइट्स के जरिए लोगों से बैंकिंग जानकारी और एडवांस पेमेंट लिया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गैस बुकिंग केवल आधिकारिक ऐप या अधिकृत एजेंसी नंबर से ही करें और अनजान लिंक या ओटीपी साझा करने से बचें। किसी भी तरह की ठगी होने पर तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है।

कैलाश गुफा पर्यटन की अनदेखी
कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान में स्थित कैलाश गुफा अपनी प्राकृतिक सुंदरता के बावजूद उपेक्षा का शिकार बनी हुई है। करीब 33 साल पहले खोजी गई यह गुफा लगभग 250 मीटर लंबी है और इसमें स्टेलेक्टाइट व स्टेलेग्माइट की अद्भुत संरचनाएं मौजूद हैं। बावजूद इसके प्रचार-प्रसार के अभाव के कारण यहां पर्यटकों की आवाजाही बेहद कम है।

धूड़मारास मॉडल को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान
नारायणपुर जिले के धूड़मारास गांव में विकसित सामुदायिक आधारित इको टूरिज्म मॉडल को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है। इस पहल के संचालक मानसिंह को रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ हरित शिखर सम्मेलन में “हरित शिखर सम्मान 2026” से सम्मानित किया गया। यह मॉडल स्थानीय आजीविका और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन का उदाहरण बन चुका है।

631 कछुओं के साथ वन्यजीव तस्करी का खुलासा
सुकमा सीमा से लगे ओडिशा के मलकानगिरी जिले में वन विभाग ने छापेमारी कर 631 जिंदा कछुए बरामद किए हैं। इस मामले में आंध्रप्रदेश के दो व्यापारियों समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक कछुओं को तस्करी के लिए ट्रे में पैक कर रखा गया था और अंतरराष्ट्रीय बाजार में उनकी कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।

प्रतिबंधित पॉलिथीन पर निगम की कार्रवाई
जगदलपुर नगर निगम ने संजय मार्केट क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए करीब 82 किलो प्रतिबंधित पॉलिथीन जब्त की है। जांच के दौरान एक व्यक्ति स्कूटी से दुकानों में पॉलिथीन सप्लाई करते पकड़ा गया। निगम प्रशासन ने कहा है कि प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

ट्रैक्टर की टक्कर से तीन छात्र घायल
कोंडागांव जिले के सिंगनपुर मार्ग पर ट्रैक्टर की टक्कर से तीन छात्र घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

कलेक्टर की पहल से स्कूल पहुंचे दो बच्चे
दंतेवाड़ा में कलेक्टर अमित कुमार ने दौरे के दौरान महुआ बीन रही बच्ची से बातचीत कर उसे स्कूल भेजने की पहल की। प्रशासन की मदद से दो बच्चों का आवासीय विद्यालय में दाखिला कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

सैनिक स्कूल परीक्षा में आदिवासी बच्चों की सफलता
दंतेवाड़ा जिले के नन्हे परिंदे प्रशिक्षण केंद्र के 20 छात्रों ने सैनिक स्कूल चयन परीक्षा पास कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अब इन छात्रों को मेडिकल जांच के लिए बुलाया गया है।

गर्मी के बीच बिजली संकट से ग्रामीण परेशान
बस्तर और लोहंडीगुड़ा ब्लॉक के कई गांवों में बिजली कटौती की समस्या सामने आई है। शनिवार रात करीब 10 बजे से बिजली गुल रही और रविवार सुबह बहाल हो सकी। ग्रामीणों ने स्थायी समाधान की मांग की है।