बस्तर। दक्षिण-पश्चिम मानसून के सक्रिय होने से बस्तर संभाग में अच्छी बारिश का दौर शुरू हो गया है। पिछले दो दिनों की बारिश से खेतों में पर्याप्त पानी भरने लगा है और धान रोपाई ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने अगले तीन से चार दिनों तक मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है। किसानों का कहना है कि लगातार बारिश बनी रही तो रोपाई कार्य तेजी से पूरा हो सकेगा और उत्पादन पर सकारात्मक असर पड़ेगा।
इधर, राज्य सरकार एक अगस्त से ब्लॉक स्तर और उससे ऊपर के सभी शासकीय कार्यालयों में स्मार्ट मीटर आधारित प्रीपेड बिजली व्यवस्था लागू करने जा रही है। नई व्यवस्था के तहत विभागों को बिजली खपत, बैलेंस और रिचार्ज संबंधी जानकारी मोबाइल ऐप, एसएमएस और व्हाट्सएप के जरिए मिलेगी। सरकार का उद्देश्य बिजली प्रबंधन को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाना है।
दंतेवाड़ा पुलिस ने साइबर ठगी के एक अंतर्राज्यीय नेटवर्क का खुलासा करते हुए केरल से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला बचेली निवासी से 19.50 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी से जुड़ा है। जांच में सामने आया कि आरोपी किराये के बैंक खातों के माध्यम से ठगी की रकम का लेन-देन कर उसे क्रिप्टोकरेंसी में बदलने का प्रयास करते थे। पुलिस ने आरोपियों से मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक और नकदी बरामद की है।
दंतेवाड़ा में जिला सहकारी विकास समिति की बैठक में किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। प्राकृतिक आपदा से क्षतिग्रस्त बड़े तुमनार लेम्पस भवन का पुनर्निर्माण, नए गोदाम और कार्यालय भवन निर्माण सहित डेयरी और मत्स्य सहकारी समितियों को आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर सहमति बनी।
सुकमा जिले के कन्हईगुड़ा गांव में पहली बार स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची और राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत बच्चों को पोलियो की खुराक दी गई। कभी नक्सल प्रभाव के कारण सरकारी पहुंच से दूर माने जाने वाले इस गांव तक स्वास्थ्य सेवाओं का पहुंचना प्रशासन के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
जगदलपुर में आयोजित महिला आयोग की जनसुनवाई में महिला उत्पीड़न से जुड़े 12 मामलों की सुनवाई हुई। एक मामले में डीएनए जांच की बात सामने आने पर एक कर्मचारी ने बच्ची को स्वीकार करते हुए दो लाख रुपये भरण-पोषण राशि देने पर सहमति जताई। आयोग ने संबंधित मामलों में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
उधर चित्रकोट मार्ग स्थित ऑक्सीजन जोन एक बार फिर बदहाल व्यवस्था को लेकर चर्चा में है। लाखों रुपये खर्च कर जीर्णोद्धार किए जाने के बावजूद परिसर लंबे समय से बंद पड़ा है। स्थानीय लोगों ने इसके संचालन और रखरखाव को लेकर सवाल उठाते हुए इसे दोबारा विकसित करने की मांग की है।
जगदलपुर में जिला पत्रकार संघ द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बस्तर के निवर्तमान आईजी सुंदरराज पी को भावभीनी विदाई दी गई, जबकि नए आईजी बद्रीनारायण मीणा का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, पत्रकारों और गणमान्य नागरिकों ने बस्तर में शांति और विकास के लिए किए गए कार्यों की सराहना की।





